रोजाना शाम को चार घंटे सड़कों से उठाया जाएगा कूड़ा, लगने लगी झाड़ू Bareilly News
प्रमुख सड़कों को दस हिस्सों में बांटा गया है। हर हिस्से पर एक ऑटो या टिपर और दो सफाई कर्मचारी दिए गए हैं।
बरेली, जेएनएन : शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए नगर निगम ने शाम की सफाई बुधवार से शुरू करा दी। इसके लिए मुख्य सड़कों को दस भागों में बांटकर सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। रोजाना शाम को चार घंटे सड़कों से कूड़ा उठाने के साथ ही झाड़ भी लगाई जाएगी।
पिछले करीब चार महीने से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह डांवाडोल बनी हुई है। गलियां ही नहीं, मुख्य सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर पड़े रहते हैं। उसे उठाने वाला कोई नहीं है। इस व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर आयुक्त ने बुधवार से शाम की सफाई शुरू करवाई है।
दोपहर तीन से शाम सात बजे तक सफाई
रोजाना दोपहर तीन बजे से सात बजे तक सड़कों की सफाई होगी। प्रमुख सड़कों को दस हिस्सों में बांटा गया है। हर हिस्से पर एक ऑटो या टिपर और दो सफाई कर्मचारी दिए गए हैं। कर्मचारियों को आउटसोर्स से लिया है। वे अपने हिस्से में आने वाले मार्ग से कूड़ा उठाकर गाड़ी में भरेंगे। सड़क पर झाड़ भी लगाएंगे।
प्रमुख सड़कों के दस हिस्सों पर सफाई व्यवस्था लागू
नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए प्रमुख सड़कों के दस हिस्से बनाकर वहां शाम की सफाई शुरू करवा दी गई है। सफाई कर्मचारी रोजाना चार घंटे तय सड़क से कूड़ा उठाएंगे। झाडू भी लगाएंगे।
इन सड़कों पर लगाए कर्मचारी
- रेलवे जंक्शन से चौकी चौराहा
- चौकी चौराहे से नावेल्टी चौराहा
- नावेल्टी चौराहे से कुतुबखाना चौराहा
- कुतुबखाना चौराहे से कोहाड़ापीर चौराहा
- गांधी उद्यान से चौपुला, वहां से किला पुल
- गांधी उद्यान से ईंट पजाया चौराहा
- ईंट पजाया चौराहा से डेलापीर चौराहा
- श्यामगंज साईं मंदिर से शाहदाना तक (पुल के नीचे)
- चौपुला से नगर निगम होते हुए श्यामगंज चौराहा
- श्यामगंज चौराहा से सैटेलाइट चौराहा