ईको फ्रेंडली सिटी बस सर्विस बनाएंगी बरेली को स्मार्ट
स्मार्ट सिटी के सपने की ओर सबसे पहले सिटी बस सर्विस के पहिये बढ़ेंगे।
बरेली(जेएनएन)। स्मार्ट सिटी के सपने की ओर सबसे पहले सिटी बस सर्विस के पहिये बढ़ेंगे। रोडवेज बस अड्डे और बरेली जंक्शन समेत शहर के करीब छह रूट पर चलने वाली ये बसें सीएनजी होने के चलते ईको फ्रेंडली होंगी। लोगों की जेब पर भी हल्की पड़ेगी। सिटी बसों के संचालन के बाबत 30 अक्टूबर को कमिश्नरी में संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक है, जहां आवेदनों पर विमर्श होगा। बैठक में प्रशासन और परिवहन से जुड़े शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। सिटी बस सेवा को स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में भी खास तरजीह मिली है। जेब नहीं कटेगी, पर्यावरण भी बचेगा
सिटी बस सेवा सीएनजी ही होगी, यह पहले से ही तय है। करीब चालीस सवारी की क्षमता होगी। ये बसें तेजी से खराब हो रहे पर्यावरण को बचाने में खासा मददगार साबित होगी। वहीं, इन बसों का किराया भी सीमित होगा। बेहिसाब तिपहिया वाहनों पर लगेगा अंकुश
शहर में ऑटो और टेंपो की तादाद पिछले कुछ समय में तेजी से बढ़ी। पिछले साल से ई-रिक्शा भी शहर के ट्रैफिक को बदहाल करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे। चूंकि सिटी बस सेवा बस अड्डे और रेलवे जंक्शन से छह प्रमुख रूट पर चलेगी। ऐसे में इन वाहनों की संख्या और जाम से खासा राहत मिलेगी। आवेदनों पर कमिश्नर की अध्यक्षता में अंतिम मुहर
आरटीओ में सिटी बस सेवा के लिए लगातार आवेदन आ रहे हैं। 30 अक्टूबर को होने वाली बैठक में कमिश्नर और आरटीए अध्यक्ष रणवीर प्रसाद के अलावा आरटीए सचिव डॉ.एके गुप्ता, सदस्य व डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह के अलावा परिवहन निगम के आरएम राजीव चौहान, सभी एआरटीओ व सेंट्रल यूपी गैस लिमिटेड के सीनियर मैनेजर मौजूद रहेंगे। कमिश्नर सिटी बस सर्विस पर अंतिम मुहर लगाएंगे।
वर्जन
शहर को स्मार्ट बनाने की दिशा में सिटी बस सेवा से रफ्तार मिलेगी। महानगर बस सेवा के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
-डॉ. एके गुप्ता, आरटीओ (प्रशासन), बरेली