शहर से जाते-जाते एसएसपी से डिप्टी सीएम कह गए ये बात
ईंधन लेने के लिए पुलिस लाइन पहुंचे उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को बिथरी चैनपुर के विधायक का प्रकरण याद आ गया।
बरेली(जेएनएन)। ईंधन लेने के लिए पुलिस लाइन पहुंचे उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा को बिथरी चैनपुर के विधायक का प्रकरण याद आ गया। बैठक के बाद जब हेलीकाप्टर में बैठ रहे थे तो एसएसपी मुनिराज जी. से कहा, जनप्रतिनिधियों का ख्याल रखिए। अध्यक्षों को भी माह में एक बार चाय पर बुलाया कीजिए। उप मुख्यमंत्री ने पुलिस लाइन स्थित रविंद्रालय में 25 मिनट अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा पदाधिकारियों से फीड बैक लिया। कुछ मामलों में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए गए। भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने सीता किरन होटल से छात्रा के अपहरण का मामला भी उठाया। इस उप मुख्यमंत्री से एसएसपी को सुधार के लिए इंगित किया। बाद में उड़ान भरने से पहले जिलाध्यक्ष से पूछा, वह कौन विधायक हैं, जो एसएसपी से नाराज चल रहे हैं। पप्पू भरतौल का नाम बताए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बुरे आदमी नहीं हैं, उनका ख्याल रखिए। सभी विधायकों की जनता से जुड़ी शिकायतों का संज्ञान लेकर उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे स्वागत को उप मुख्यमंत्री के आगमन पर जनप्रतिनिधि नदारद दिखे, जबकि जनपद के दोनों सांसद और नौ विधायकों को उनके आने की सूचना भेजी गई थी। दिनेश शर्मा का स्वागत करने वालों में जिलाध्यक्ष रविंद्र राठौर, महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, पवन शर्मा, आदेश प्रताप सिंह, देवेंद्र जोशी, मनोज यादव, अमित उपाध्याय, रामगोपाल मिश्रा, डॉ. नरेंद्र गंगवार शामिल रहे।
उपमुख्यमंत्री बोले, दो दिन में बरामद करो छात्रा
होटल सीताकिरन से लापता छात्रा का अब कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज भाजपाइयों ने प्रकरण उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा तक पहुंच गया। भाजपा नेताओं ने कोतवाली पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मामला लव जिहाद का लग रहा मगर कार्रवाई नहीं हो रही। इस पर उपमुख्यमंत्री ने एसएसपी मुनिराज जी. को निर्देश दिए कि दो दिन के अंदर लड़की मिल जानी चाहिए। जिस वक्त उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा पुलिस लाइन में थे, तब भाजपा के जिला उपाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने यह प्रकरण उनके सामने रखा। कहा कि होटल सीताकिरन से दूसरे समुदाय का युवक किशोरी को लेकर कहीं चला गया। मामला लव जिहाद का है। पुलिस ने होटल मालिक को पकड़कर छोड़ दिया, जबकि लड़की उसी के होटल से गायब हुई। इस पर उप मुख्यमंत्री ने एसएसपी से नाराजगी जताते हुए कहा कि दो दिन के अंदर लड़की मिल जानी चाहिए। जो आरोपित हों उन पर सख्त कार्रवाई करो। इस बाबत सीओ कुलदीप कुमार का कहना है कि लड़की की तलाश में हर संभव कार्रवाई की जा रही है। क्राइम ब्रांच की टीम भी लगा रखी है। आरोपित के परिजनों को भी पकड़कर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही लड़की को तलाश लिया जाएगा।