त्योहार की तैयारी, शहर में पानी की किल्लत जारी
नगर निगम के अफसरों ने त्योहार के समय में व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए हैं, लेकिन व्यवस्थाएं शुरुआत में ही धड़ाम नजर आ रही हैं।
जागरण संवाददाता, बरेली : नगर निगम के अफसरों ने त्योहार के समय में व्यवस्थाएं पुख्ता रखने के निर्देश दिए हैं, लेकिन व्यवस्थाएं शुरुआत में ही धड़ाम नजर आ रही हैं। शहर में कई स्थानों पर लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। त्योहार की तैयारी के बीच पानी की किल्लत जारी है। नगर निगम की टीम लगी है, लेकिन समस्या दूर नहीं हो रही है।
शहर के वार्ड 65 के मुहल्ला दुर्गा नगर में सैनिक कालोनी में बने ओवरहेड टैंक से पानी की सप्लाई होती है। इसके साथ ही मुहल्ले के करीब ढाई सौ घरों में सुरेश शर्मा नगर स्थित शिव मंदिर के पास बने नलकूप से भी सप्लाई करते हैं। बीते 15 दिनों से ओवरहेड टैंक का ट्यूबवेल खराब हो गया है। पूरे क्षेत्र में दूसरे नलकूप से ही सीधे सप्लाई दी जा रही है, जो नाकाफी हो रही है। स्थानीय पार्षद नरेश पटेल के मुताबिक घरों में मात्र 15 मिनट ही पानी आ रहा है। इससे लोग परेशान हैं। उन्हें सरकारी हैंडपंप या फिर अन्य लोगों के घरों में लगे नल से पानी भरना पड़ रहा है। पार्षद के साथ धनेश्वरी देवी, विमला भट्टं, सीमा देवी, वंदना, सुशील, करण, आशा देवी समेत अन्य ने विरोध जताया।
यहां भी दूर नहीं हुई समस्या
किला व आसपास के मुहल्लों में कई दिनों से पानी की किल्लत बनी है। दरअसल, बाकरगंज स्थित ट्यूबवेल का सॉफ्ट स्र्टाटर खराब होने से वहां से पानी की सप्लाई ठप है। अन्य जगहों से सप्लाई जा रही है, जिससे पूर्ति नहीं हो रही। यही हाल रामगंगा आवासीय नगर डोहरा की बीडीए कालोनी का है। वहां भी लीकेज के कारण लोगों के घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
राजेंद्रनगर व पटेल नगर में दुरुस्त कराए फाल्ट
राजेंद्र नगर में स्वयंवर बरातघर के पास शुक्रवार रात पानी की लाइन फट गई थी। पार्षद सतीश चंद्र ने शिकायत दर्ज कराई। शनिवार सुबह नगर निगम की टीम ने लीकेज ठीक कर दी। वही, पटेल नगर स्थित पानी की टंकी में भी लीकेज के कारण पानी नहीं भर रहा था। उसे भी कर्मचारियों ने दुरुस्त कर दिया।