वैक्सीनेशन से पहले और बाद न पियें सिगरेट या शराब
कोविड-19 को हराने के लिए पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। बुधवार को जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गर्ग दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने वैक्सीन से जुड़े पाठकों के सवालों के जवाब दिए।
बरेली, जेएनएन: कोविड-19 को हराने के लिए पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन शुरू हो गया है। बुधवार को जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गर्ग दैनिक जागरण के प्रश्न पहर कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने वैक्सीन से जुड़े पाठकों के सवालों के जवाब दिए। प्रमुख अंश.. प्रश्न: कोविड वैक्सीनेशन से पहले खानपान में किस तरह की सतर्कता जरूरी है?
- रमेश केसरी, महानगर
उत्तर: वैक्सीन से पहले या बाद खाने में किसी तरह के बदलाव की जरूरत नहीं है। हां, शराब और सिगरेट से परहेज जरूर करें। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता घटती है।
प्रश्न: नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का वैक्सीनेशन कब शुरू होगा?
- सुरेश शिंदे, नगर निगम
उत्तर: स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा अन्य फ्रंटलाइन कर्मचारियों को दूसरे चरण में वैक्सीन लगाई जानी हैं। इसकी तारीख पहला चरण होने के बाद तय होगी।
प्रश्न: 74 साल की उम्र है, थायराइड भी है। क्या वैक्सीन लग सकती है?
- उमा टंडन, बिहारीपुर
उत्तर: थायराइड या अन्य किसी बीमारी से परेशान लोगों को तीसरे चरण में वैक्सीन लगाई जाएगी। इनके लिए यह काफी फायदेमंद होगी। हालांकि एक बार संबंधित डॉक्टर से परामर्श भी ले लें।
प्रश्न: जिला चिकित्सालय में हृदय रोग विशेषज्ञ पॉजिटिव आए हैं, क्या मुझे जांच कराने की जरूरत है?
- सतपाल शर्मा, कैंट
उत्तर: सबसे पहले कोरोना से संबंधित लक्षण देखें। अगर खांसी, बुखार या सांस लेने में दिक्कत है तो जरूर जांच कराएं। ऐसा नहीं भी है तो एहतियात के तौर पर जांच करानी चाहिए।
प्रश्न: वैक्सीन लगाने से किसी तरह का साइड इफेक्ट तो नहीं। क्या कोई विशेष सावधानी बरतनी है?
- विनोद राणा, गंगापुर
उत्तर: खानपान में बदलाव की जरूरत नहीं। कोविड की वैक्सीन भी आम वैक्सीन की तरह ही है। कॉलर ट्यून के जरिये भी इस बाबत लोगों को जागरूक किया जा रहा।
प्रश्न: लीवर संबंधी समस्या थी, दो साल से उपचार चल रहा है। क्या मुझे कोविड वैक्सीन से कोई नुकसान तो नहीं?
- मोहित टंडन, शहरवासी
उत्तर: कोविड वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी है। हां, पहले संबंधित डॉक्टर से एक बार परामर्श जरूर लें।
प्रश्न: पहले और दूसरे चरण में पंजीकृत कर्मचारियों के अलावा अन्य सरकारी कर्मचारियों को वैक्सीन कब तक लगेगी?
- पंकज द्विवेदी, सैनिक कालोनी
उत्तर: अन्य सरकारी विभागों को तीसरे चरण या इसके बाद चौथे चरण में वैक्सीन लगाने की योजना है। इस बाबत स्पष्ट गाइडलाइन आते ही सूचना सार्वजनिक की जाएगी।