योगी सरकार में जिला अस्पताल पर चढ़ेगा केसरिया रंग, रंग-रोगन शुरू
भाजपा सरकार का केसरिया रंग जिला अस्पताल पर भी चढ़ने की तैयारी शुरू हो गई है।
बरेली, जेएनएन। भाजपा सरकार का केसरिया रंग जिला अस्पताल पर भी चढ़ने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला अस्पताल की बिल्डिंग जल्द भगवा रंग में नजर आएगी। इसके लिए दो रंगों को शासन स्तर से तय किया गया है, जिसमें केसरिया प्रमुख होगा। अस्पताल परिसर में बाहरी दीवारों के रंग-रोगन का काम शुरू हो गया है।
जिला अस्पताल की बिल्डिंग वर्षो पुरानी बनी है। अब तक वहां इमारत का बाहरी आवरण लाल रंग का था। बीते दिनों यूपी हेल्थ सिस्टम स्ट्रेंथनिंग प्रोजेक्ट की रिवैंपिंग स्कीम के तहत जिला अस्पताल का कायाकल्प करने के लिए बजट जारी किया गया है। इसमें जिला अस्पताल की इमारतों की बाहरी दीवारों पर पुताई होनी है। इसके लिए शासन स्तर से ही कार्यदायी संस्था का चयन किया गया है। इतना ही नहीं अस्पताल की बिल्डिंग को नया रूप देने के लिए रंग भी तय करके जारी किए गए हैं। कार्यदायी संस्था ने बिल्डिंग में फिलहाल पुट्टी लगाने का काम शुरू कर दिया है। दो रंगों से दिखेगा आकर्षक जिला अस्पताल की दीवारों को दो रंगों से रंगना तय हुआ है। इसके लिए बकायदा रंगों के कोड और रंग (पेट) भी यूपीएचएसएसपी ने तय किए हैं। इसमें बेस कलर के रूप में हल्के पीले रंग को चुना गया है। वही, हाईलाइटर (प्रमुख) रंग के लिए केसरिया रंग को चुना गया है। रंगों की मात्रा भी तय की गई है। इसके लिए हरदोई अस्पताल का मॉडल भी भेजा है।
रंगों के लिए बकायदा गाइडलाइन
जिला अस्पताल के रंग-रोगन का काम शुरू हो गया है। इसमें इस्तेमाल किए जाने वाले रंगों के लिए बकायदा गाइडलाइन आई है। कार्यदायी संस्था उसी आधार पर काम कर रही है। -डॉ. केएस गुप्ता, एडीएसआइसी