बरेली दौरे के दौरान अधिकारियों की सुस्ती और प्रोटोकॉल फालो न होने पर बिफरे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, तीन डाक्टरों का निलम्बन
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बरेली में खासी तल्खी दिखाई दी। एयरपोर्ट पर ही उनका मूड उखड़ गया था। सर्किट हाउस पहुंचकर अधिकारी नहीं मिले और बैठक की व्यवस्था नहीं दिखी तो उनका गुस्सा भड़क गया। प्रोटोकाल फालो नहीं करने पर डीएम व एसएसपी पर नाराज हुए।
बरेली, जागरण संवाददाता: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बरेली में शनिवार को हुए निरीक्षण में खासी तल्खी दिखाई दी। एयरपोर्ट पर ही उनका मूड उखड़ गया था। सर्किट हाउस पहुंचकर अधिकारी नहीं मिले और बैठक की व्यवस्था नहीं दिखी तो उनका गुस्सा भड़क गया। प्रोटोकाल फालो नहीं करने पर डीएम व एसएसपी पर नाराज हुए। दोनों को वापस जाने को कह दिया। मीटिंग नहीं करने पर सीएमओ डा. बलवीर सिंह को जमकर फटकार लगाई।
बरेली एयरपोर्ट पर दोपहर करीब तीन बजे उप मुख्यमंत्री पहुंचे। वहां उनकी अगुवाई के लिए प्रशासन की ओर से एडीएम सिटी डा. आरडी पांडेय मौजूद थे। शायद यह बात उप मुख्यमंत्री को वही से खटक गई। इसके बाद आइएमए भवन एक कार्यक्रम में पहुंचे। गोष्ठी से वह सीधे सर्किट हाउस पहुंच गए।
डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने गुलदस्ते देकर उनका स्वागत किया। वहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ उन्हें बैठक करनी थी, लेकिन बैठक की व्यवस्था नहीं की गई थी। इस पर वह खासे नाराज हुए।
उन्होंने डीएम व एसएसपी से प्रोटोकाल फालो नहीं करने का कारण पूछा। इस पर अधिकारियों ने समाधान दिवस पर थाना कैंट में होने की बात कही। तब उप मुख्यमंत्री ने कैंट इंस्पेक्टर को फोन लगा लिया। पता चला कि वहां चंद फरियादी ही आए थे। तब उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई और दोनों अधिकारियों को वापस भेज दिया।
उन्होंने सीएमओ डा. बलवीर सिंह को बैठक में अधिकारियों के नहीं आने, उसका पता भी नहीं होने पर जमकर फटकार लगाई। इसके कुछ देर में ही वह सर्किट हाउस से निकल गए।
गांधी उद्यान के पास फंसा काफिला
डिप्टी सीएम सर्किट हाउस से निकलकर गांधी उद्यान की ओर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को जिला अस्पताल चलने को कहा। इस पर सारे वाहन गांधी उद्यान से चौकी चौराहा की ओर मुड़े। गंगाचरण अस्पताल के ठीक सामने सीवर लाइन का काम होने के चलते खोदाई की गई है। उसमें आकर काफिला फंस गया। करीब पांच मिनट वहां वाहन रुक गए। तुरंत ही जाम लग गया। इस पर भी उप मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। इसके बाद अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उनकी नाराजगी दिखाई देती रही।