IT Raid Update: पांचजन्य फैक्ट्री पर दिल्ली की टीम का शिकंजा, रिकॉर्ड रूम से मिले कई चौंकाने वाले दस्तावेज, GM भूमिगत
फरीदपुर की पांचजन्य फैक्ट्री में आयकर विभाग की टीमें दूसरे दिन भी जांच कर रही हैं। मालिक रवि निमानी के ...और पढ़ें

पांचजन्य फैक्ट्री
संवाद सहयोगी, फरीदपुर (बरेली)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम भगवानपुर फुलवा के पास स्थित पांचजन्य फैक्ट्री में आयकर विभाग की टीमें दूसरे दिन भी जांच पड़ताल में लगी रही। फैक्ट्री के जीएम के भूमिगत हो जाने एवं उसका मोबाइल बंद होने के करण आयकर विभाग के अधिकारियों के सामने दिक्कत आ रही है। अधिकारियों की टीमें जांच संबंधी पर्याप्त दस्तावेज खंगालने में जुटी हुई है।
पांचजन्य फैक्ट्री मालिक रवि निमानी के सभी प्रतिष्ठानों पर दिल्ली आयकर विभाग की टीमों द्वारा बृहस्पतिवार की सुबह छापेमारी की और दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। आयकर विभाग की कई टीमों द्वारा अचानक एक साथ उनके सभी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू किए जाने से अन्य फैक्ट्री संचालकों में भी हड़कंप मच गया।
टीम ने फैक्ट्री के समस्त दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं और फैक्ट्री परिसर में बाहरी लोगों के आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पांचजन्य प्लाईवुड फैक्ट्री में बृहस्पतिवार की अलसुबह दिल्ली आयकर विभाग की टीम ने अचानक पहुंचकर छापेमारी की और अभिलेखों को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
सूत्रों द्वारा जानकारी में आया है कि आयकर विभाग टीम के 10 सदस्य लगातार फैक्ट्री कार्यालय में जांच कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पांचजन्य प्लाईवुड फैक्ट्री में बिना रिकॉर्ड काफी माल पाया गया है । टीम ने पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की सुरक्षा व्यवस्था के बीच परिसर के अंदर अधिकारियों ने खातों कंप्यूटर डाटा और सभी जरूरी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच कर रहे हैं।
वहीं आयकर विभाग की छापे मारी की जानकारी होते ही फैक्ट्री के जीएम भूमिगत हो गए हैं और अपना मोबाइल भी बंद कर लिया है। आयकर विभाग की टीम की छापेमारी को लेकर जहां फैक्ट्री बंद है। वहीं होली के त्यौहार को लेकर फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरो को मजदूरी न मिल पाने से त्यौहार कैसे मनाया जाए, इसको लेकर परेशानी खड़ी हो गई है।
आयकर विभाग की एक टीम फैक्ट्री प्रबंधन के आवास पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कॉलोनी में पहुंची लेकिन प्रबंधक के आवास पर ताला लगा था। प्रबंध तंत्र की ओर से कोई भी बयान अब तक नहीं आया है। पता चला है आयकर विभाग की टीम ने रहने के लिए अपने संसाधन खुद जुटाए हैं। फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड के अलावा सारा स्टाफ अनुपस्थित रहा। मजदूर ना होने की दशा में फैक्ट्री का प्लांट बंद हो गया है।
