Lockdown-3 Update : सहारनपुर से बदायूं आए मजदूर की मौत Badaun News
सहारनपुर से बदायूं आए मजदूर की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक को ठेकेदार बिना कुछ बताए घर पर छोड़कर चला गया था।
बदायूं, जेएनएन। सहारनपुर से बदायूं आए मजदूर की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक को ठेकेदार बिना कुछ बताए घर पर छोड़कर चला गया था। सहारनपुर से आए मजदूर की मौत की जानकारी पाकर मृतक के घर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुंंवरगांव थाना क्षेत्र के प्रहलादपुर गाव में रहने वाला मनोज पुत्र सेवाराम सहारनपुर में केला के गोदाम पर काम करता था। गांव में ही रहने वाला ठेकेदार उसे ले गया था। वहां पर वह छह दिन से बीमार चल रहा था। सेवाराम का कहना है कि शुक्रवार रात में ठेकेदार केला लदे ट्रक से उसे घर पहुंचाकर बिना कुछ बताए चला गया। हालत खराब होने पर रात में उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया तो परिजन शव लेकर घर चले आए। जानकारी होने पर सुबह सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी और कुंवरगांव इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार गांव पहुंचे। जानकारी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक बीमार था, जिससे उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।