बरेली में डेंगू से हुई मौत, आइडीएसपी ने 48 घंटे बाद पोर्टल पर अपलोड की रिपोर्ट
Death From Dengue in Bareilly डेंगू मरीजों पर निगरानी रखने के जिम्मेदार काम में किस कदर लापरवाही बरत रहे हैं इसकी बानगी एक बार फिर सामने आई। मढीनाथ निवासी जिस वृद्धा की मौत की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दो दिन पहले हुई।
बरेली, जेएनएन। Death From Dengue in Bareilly : डेंगू मरीजों पर निगरानी रखने के जिम्मेदार काम में किस कदर लापरवाही बरत रहे हैं, इसकी बानगी एक बार फिर सामने आई। मढीनाथ निवासी जिस वृद्धा की मौत की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दो दिन पहले हुई, हकीकत में उनकी मौत बीती 28 अक्टूबर को ही हो चुकी थी। यही नहीं डेंगू संक्रमण की जानकारी भी आइडीएसपी को समय पर नहीं हो सकी।
मढ़ीनाथ निवासी अमर सिंह यादव ने बताया कि सुभाष नगर के मढ़ीनाथ निवासी 65 वर्षीय गिरजा देवी को बीते 15 दिनों से बुखार की समस्या थी। उनका इलाज पास के ही एक निजी डाक्टर से चल रहा था। चार दिन पहले जब घर पर महिला की हालत गंभीर हुई तो स्वजन ने 25 अक्तूबर की रात उन्हें भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां एलाइजा जांच में महिला में डेंगू की पुष्टि हुई। आइसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। कुछ हालत सुधरी को सेमी प्राइेट वार्ड में 27 अक्टूबर को भर्ती किया गया।
देर रात फिर हालत बिगड़ी तो किसी बात पर स्टाफ से बहस के बाद दोबारा आइसीयू में भर्ती किया गया। हालांकि 28 अक्टूबर की दोपहर उनकी मौत हो गई थी। हालांकि आइडीएसपी ने महिला के डेंगू संक्रमित होने की पोर्टल पर रिपोर्ट शनिवार को अपडेट की। मामले में दो लापरवाही सामने आई हैं। पहला, आइडीएसपी प्रभारी डा.मीसम अब्बास को महिला डेंगू संक्रमित होने का पता कई दिन बाद चला। यही नहीं मौत की जानकारी भी करीब 48 घंटे बाद अपलोड की। मामले में स्वजन ने मुख्यमंत्री पोर्टल और डीएम से शिकायत करने की बात कही है।
सात मरीजों को डेंगू का डंक, 26 अस्पताल में भर्ती
जिले में सात और डेंगू के मरीज सोमवार को सामने आए हैं। इस तरह जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 408 पहुंच गई है। इनमें से 26 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं 376 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जो नए मरीज सामने आए उनमें से दो कर्मचारी नगर के रहने वाले हैं। इसके अलावा खंदरपुर, चक महमूद, मैकेनियर रोड, कीर्ति नगर के केस हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी जगर निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मामले में अभी किसी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं मिली है। हालांकि आइडीएसपी पर वृद्धा के डेंगू संक्रमित होने और मौत की जानकारी देरी से अपडेट करने के बारे में आइडीएसपी प्रभारी से जवाब-तलब किया जाएगा। - डा.बलवीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी