बदायूं में पेड़ पर लटकी मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका
सदर कोतवाली क्षेत्र में युवक की लाश पेड़ पर फंदे से लटकी मिली। सुबह के समय खेतों पर काम करने गए लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।
बदायूं जेएनएन : सदर कोतवाली क्षेत्र में युवक की लाश पेड़ पर फंदे से लटकी मिली। सुबह के समय खेतों पर काम करने गए लोगों की नजर शव पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए, मगर सफलता नहीं मिली। पुलिस खुदकुशी करने का दावा कर रही है, वहीं लोग हत्या कर शव पेड़ पर लटकाए जाने की बात कह रहे हैं।
पेड़ पर शव लटका होने की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हुई जब छोटे सरकार के पीछे कुरऊ के जंगल में खेतों पर लोग काम करने जा रहे थे। तभी लोगों ने देखा कि दरगाह के पीछे एक पेड़ पर करीब 25 वर्षीय युवक की लाश लटकी है। यह देखकर सभी हैरत में पड़ गए। कुछ ही देर में आसपास के गांव के लोग भी वहां पहुंच गए। भीड़ जुटती गई तो किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सीओ सिटी विनय कुमार द्विवेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और वीडियोग्राफी के बाद शव को उतरवाया। सीओ सिटी ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए, मगर मौके पर मौजूद लोगों ने उसको पहचानने से इन्कार कर दिया। इसके बाद शहर के मुहल्ला कबूलपुरा, सोथा आदि स्थानों के लोगों को वहां बुलाया गया, मगर कोई भी उसको नहीं पहचान सका। बाद में छोटे सरकार की दरगाह पर आने वाले जायरीनों से भी पूछा गया। करीब दो घंटे तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी तो उसको मोर्चरी में रखवाया गया। सीओ सिटी ने बताया कि करीब 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर बने फंदे से लटका मिला है। प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का है। फिलहाल शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।