बरेली, जेएनएन। Omicron Variant Latest Update : जिले में विदेश एवं अन्य प्रांतों से आने वाले मरीजों ने भी काफी संक्रमण फैलाया है। यही वजह है कि विदेश से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सैंपलिंग जिले में कराई जा रही है। विदेश से लौटने वालों की जांच सातवें या आठवें दिन कराई जा रही है। जिले में शनिवार तक विदेश से आने वाले 734 लोगों की जांच कराई जा चुकी है। इसमें संक्रमित मिलने वाले लाेगों को अंतरराष्ट्रीय कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर से नौ जनवरी तक 1516 लोग वापस आ चुके हैं। इनमें से सर्विलांस टीम ने सभी को काल किया, जिसमें से 1136 लोगों को ट्रेस किया जा सका। इसमें 185 लोग अन्य जनपदों के निकले, जिनकी सूचना संबंधित जिलों को भेज दी गई। इसमें कोविड-19 की जिला सर्विलांस टीम ने काल करके सातवें दिन 232 लोगों की सैंपलिंग कराई, जबकि 502 लोगों ने आठवें दिन सैंपलिंग कराई। बाकी लोगों को सात दिन का आइसोलेशन पीरियड पूरा करने का इंतजार किया जा रहा है।
हाई रिस्क देशों से लौटे तीन यात्री : कोविड-19 जिला सर्विलांस टीम से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक जिले में पांच जनवरी को 32 लोग विदेश से बरेली में आए। इनमें से 23 लोगों को ट्रेस किया जा चुका है। इसके साथ ही आठ यात्री अन्य जिलों के थे, उनके बारे में संबंधित जिलों की सर्विलांस टीम को दे दी गई। एक यात्री को ट्रैक नहीं किया जा सका। वहीं, हाई रिस्क श्रेणी के देशों में शामिल यूनाइटेड किंगडम से लौटे तीन यात्रियों को पुराना शहर में होम आइसोलेट कराया गया है।
a