Unlock-1 Update : बरेली के इस हॉस्टल में छात्रों के बिस्तरों पर सोएंगे काेरोना संक्रमित, परेशान हो रहे अभिभावक
संक्रमितों की संख्या बढ़ाने के साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने उनके लिए इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। एक एक दिन में दस से अधिक संक्रमित मिलने के चलते ही यह चिंता बढ़ी है।
बरेली, जेएनएन। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने उनके लिए इंतजाम करने शुरू कर दिए हैं। एक एक दिन में दस से अधिक संक्रमित मिलने के चलते ही यह चिंता बढ़ी है। कोविड अस्पताल एल-वन बिहारी में साफ सफाई का कार्य चल रहा है, जबकि रेलवे अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसीलिए अब फरीदपुर के मानस स्थली आवासीय विद्यालय में कोविड अस्पताल बनाया जा रहा है। फरीदपुर के इस मानस स्थली आवासीय विद्यालय के लड़कोंं के हॉस्टल को प्रशासनिक टीम ने अधिग्रहण किया है।
शुक्रवार को सुबह से ही इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई थी। सुबह सबसे पहले सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग ने पहुंचकर वहां की स्थिति देखी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची और वहां चिकित्सकीय सुविधाओं की तैयारी शुरू कर दी हैं। हॉस्टल के साथ बेड भी अधिग्रहण हॉस्टल में 150 बेड हैं। प्रशासन ने इन बैड और बिस्तरों को भी अधिग्रहण कर लिया है। बताया जा रहा है कि इन बैड पर ही कोरोना संक्रमितों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इसके चलते विद्यालय प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। विद्यालय ट्रस्ट के लोगों ने इसके चलते जिलाधिकारी से मुलाकात भी की।
विद्यालय की कालोनी व अभिभावकों में बढ़ी चिंता
मानस स्थली स्कूल को कोविड अस्पताल के लिए अधिग्रहण किया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही विद्यालय में रहने वाले 124 परिवारों हलचल बढ़ गई है। इसके अलावा छात्रों के अभिभावक भी लगातार शिक्षकों और प्रधानाचार्य को फोन कर इसकी पुष्टि कर रहे हैं।
विद्यालय को कोविड अस्पताल बनाए जाने की जानकारी पर ट्रस्ट के लोग जिलाधिकारी से मिले हैं। यहां कालोनी होने की भी जानकारी दी है। लेकिन प्रशासन ने छात्र हॉस्टल अधिग्रहण कर लिया है। उसमें अस्पताल बनाए जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। - आईएएस चौहान, प्रधानाचार्य, मानस स्थली आवासीय विद्यालय
संक्रमितों के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए एल-वन कोविड बनाया जाना था। इसे लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार बात चल रही थी। प्रशासन द्वारा विद्यालय भवन चिन्हित कर लिया गया है। इसमें चिकित्सकीय सुविधाओं को पूरा किया जा रहा है। - डॉ. विनीत कुमार शुक्ला, सीएमओ