सड़क निर्माण में ठेकेदार कर रहा था खेल, नगर आयुक्त ने 50 हजार की लगाई पेनाल्टी
नगर निगम के निर्माण कार्यों पर पहले भी सवाल उठे हैं। अब एक बार फिर यह साबित हो गया है कि निर्माण कार्यों में अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से जमकर खेल होता है। यह खेल तब उजागर हुआ जब नगर आयुक्त ने शनिवार को एक सड़क का निरीक्षण किया
बरेली, जेएनएन। नगर निगम के होने वाले निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। अब एक बार फिर यह साबित हो गया है कि निर्माण कार्यों में अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत से जमकर खेल होता है। यह खेल तब उजागर हुआ जब नगर आयुक्त ने शनिवार को सड़क निर्माण कार्यों को देखा। निरीक्षण में पाया गया कि ठेकेदार ने मानक के हिसाब से टाइल्स ही नहीं लगाई है। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार पर 50 हजार की पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने शनिवार को शहर में हो रहे सड़कों के निर्माण कार्यों को देखा। नगर आयुक्त अधिकारियों के साथ सबसे पहले वार्ड 29 शिवाजीपुरम कॉलोनी पहुचे। वहां कुछ दिन पहले निगम ने 150 मीटर लंबी सड़क बनाई। इसमे करीब 14 लाख रुपये खर्च हुए। यहां से नगर आयुक्त के निर्देश पर सीसी टाइल्स के तीन नमूने लिए गए। इसके बाद वार्ड 67 राजेन्द्र नगर में दिनेश चंद्र के घर के पास की सड़क को नगर आयुक्त ने देखा। उन्होंने पाया कि सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई। सड़क निर्माण में जॉइंट्स ठीक से नही लगाए गए थे । नगर आयुक्त के निर्देश पर टाइल्स के सैंपल लिए गए। निगम कार्यालय आने पर जब यहां मशीन से टेस्ट किया गया तो दो टाइल्स मानक के मुताबिक नहीं पाई गई । इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए सड़क उखाड़कर दोबारा नई टाइल्स बिछाने का निर्देश दिया। वहीं राजेन्द्र नगर वाली सड़क निर्माण में पायी गई कमी के लिए ठेकेदार पर 50 हज़ार की पेनाल्टी लगाने का निर्देश दिया । इस दौरान मुख्य अभियंता बीएस यादव, अधिशासी अभियंता संजय चौहान आदि मौजूद रहे