UP Police : ट्रेनी सिपाही का कांस्टेबल पति ने कराया जबरन गर्भपात, जांच शुरु Bareilly News
फेसबुक के जरिये युवती की सिपाही से दोस्ती हुई प्रेम संबंध हुए और इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए। सिपाही ने शादी से इन्कार किया तो दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया।
जेएनएन, बरेली : फेसबुक के जरिये युवती की सिपाही से दोस्ती हुई, प्रेम संबंध हुए और इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गए। सिपाही ने शादी से इन्कार किया तो प्रेमिका ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। मामला रफादफा करने के लिए सिपाही ने उससे शादी कर ली मगर विवाद होते रहे। बीच प्रेमिका की नौकरी भी बतौर सिपाही लग गई। अब उसने पति के खिलाफ जबरन गर्भपात का मुकदमा दर्ज कराया है।
सिपाही युवक मूल रूप से मुरादाबाद का जबकि ट्रेनी महिला सिपाही बिजनौर के नजीमाबाद थाना क्षेत्र की रहने वाली है। 2017 में फेसबुक के जरिए दोनों की मुलाकात हुई। दो साल तक दोनों के बीच प्रेम संबंध रहे। इस बीच युवक पुलिस में सिपाही हो गया तो उसने प्रेमिका से ताल्लुक रखना बंद कर दिया। 2019 में सिपाही तबादला होकर बरेली आ गया।
प्रेमिका भी यहां आ गई। एसएसपी से शिकायत की कि सिपाही ने उससे दुष्कर्म किया। प्रकरण में सिपाही पर रिपोर्ट दर्ज हुई तो उसी दिन महिला थाना पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों की शादी करा दी गई। वे सुभाषनगर क्षेत्र में रहने लगे। कुछ ही दिन बाद प्रेमिका का चयन भी पुलिस में सिपाही के लिए हो गया। वह इन दिनों पुलिस लाइन में ट्रेनिंग कर रही है।
बीते दिनों ट्रेनी सिपाही सुभाषनगर थाने पहुंची और आरोप लगाया कि पति दहेज के लिए परेशान करता है। जबरन गर्भपात भी करा दिया। गुरुवार को आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। जांच में पाया गया कि दोनों की शादी के बाद से नहीं बन रही थी। पूर्व में दर्ज हुए दहेज उत्पीड़न का मुकदमा कोर्ट में विचाराधीन था, जो हाल ही में निस्तारित हुआ है।
दोनों के बीच कई दिनों से अनबन चल रही थी। ट्रेनी सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- हरीशचंद्र जोशी, इंस्पेक्टर, सुभाष नगर