विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दंगा किया तो बाप-दादा की संपत्ति से भी हाथ धोओगे: बरेली में सपा पर बरसे CM योगी, बोले- अब 'बीमारू' नहीं रहा UP

Published: Tue, 13 Oct 2026 03:26 PM (IST)

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा, कानून-व्यवस्था और रोजगार पर अपनी सरकार की उपलब्धियां ...और पढ़ें

बरेली में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

बरेली में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. मुख्यमंत्री बोले, जब्त कर ली जाएगी दंगा करने वालों की संपत्ति

जागरण संवाददाता, बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बरेली क्लब में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत "हर-हर महादेव" के उद्घोष के साथ की। मंच से शिक्षा, कानून-व्यवस्था और रोजगार के मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर निशाना साधा और अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

उत्कृष्ट शिक्षक ही करते हैं राष्ट्र का निर्माण

संबोधन के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक पहचान उसकी शिक्षा व्यवस्था से होती है। भारत की पौराणिक परंपरा में गुरु का स्थान सर्वोपरि रहा है। महर्षि व्यास की जयंती को हम गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाते हैं।

WhatsApp Image 2026-10-13 at 1.31.45 PM

उन्होंने कहा कि हमारे गुरुजन केवल सरकारी कर्मचारी नहीं हैं, वे युग निर्माता हैं। यदि समाज में ऐसे शिक्षक हों, तो श्री राम और चंद्रगुप्त जैसे महापुरुषों को गढ़ने में समय नहीं लगता। जिस समाज में उत्कृष्ट गुरुओं और गुरुकुल के संस्कारों की परंपरा हो, वह कभी पीछे नहीं छूट सकता।

शिक्षा में सुधार और पारदर्शी भर्ती प्रणाली

उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक गौरव को याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य अतीत में शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी था, लेकिन आजादी के बाद जैसे-जैसे सरकारों की प्राथमिकताओं से शिक्षा बाहर होती गई, प्रदेश पिछड़ता चला गया।

वर्ष 2017 के बाद भाजपा सरकार ने इस दिशा में सुधार की प्रक्रिया शुरू की। बिना किसी भेदभाव के शिक्षकों की पारदर्शी भर्तियां की गईं और प्रतिभाओं का सही उपयोग संभव हुआ।

सीएम योगी ने 'कायाकल्प अभियान' और 'अलंकार योजना' का उल्लेख करते हुए बताया कि इनके माध्यम से प्रदेश के सरकारी स्कूलों का कायाकल्प किया गया है। अब नकल-विहीन परीक्षाओं के आयोजन से यूपी के छात्रों की योग्यता पर देश भर में विश्वास बढ़ा है।

WhatsApp Image 2026-10-13 at 1.24.14 PM

उन्होंने कहा, पहले बोर्ड परीक्षाओं के संपन्न होने और परिणाम आने में छह महीने से अधिक का समय लग जाता था, लेकिन अब 'डबल इंजन' की सरकार में यह कार्य बुलेट ट्रेन की गति से पूरा हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के शिक्षकों को कैशलेस इलाज और बीमा का लाभ दिया जा रहा है, जो देश के किसी अन्य राज्य ने नहीं दिया है।

इसके अतिरिक्त, सीबीएसई से जुड़े शिक्षकों को भी सुविधाएं प्रदान करने पर विचार चल रहा है। प्रदेश के हर मंडल के बाद अब प्रत्येक जिले में विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं।

सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में अभूतपूर्व बदलाव

प्रदेश की पहचान संकट पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट था और बाहर के राज्यों में उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं होता था।

पहले हर पर्व और त्योहार पर दंगे होते थे, लेकिन आज स्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। दंगाई अब जेलों में बंद हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति प्रदेश में दंगा करने का दुस्साहस करेगा, उसे अपनी और अपने बाप-दादा की संपत्ति से हाथ धोना पड़ेगा।

उन्होंने संभल का उदाहरण देते हुए कहा कि आज पुलिस की गाड़ी देखते ही माफिया में डर का माहौल बन जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बरेली की पहचान केवल 'झुमके' से होती थी, लेकिन अब इसे 'नाथ नगरी' के रूप में नई और भव्य पहचान मिली है।

सपा शासन पर तीखा हमला

सपा सरकार की कार्यशैली पर प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सपा का संबंध शिक्षा से नहीं, बल्कि माफिया से रहा है। सपा सरकार के दौरान खाली पदों को भी नहीं भरा गया और चयन प्रक्रिया को दूषित किया गया।

पूर्ववर्ती सरकार के नेताओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में काकोरी एक्शन के महानायक पंडित राम प्रसाद 'बिस्मिल' ने खुद को बलिदान किया। बिस्मिल के बलिदान दिवस को गोरखपुर में मनाया जाता है।

सपा सरकार के दौरान तत्कालीन शिक्षा मंत्री ने मंच से कहा उस्ताद बिस्मिल्ला खां के जन्मदिवस पर बुला लिया। इस पर किसी ने टोका तो कहाकि तुम पंडित हो और उन्हें बाहर कर दिया। उन्हें दोनों के अंतर का ज्ञान भी नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री आवास में माफियाओं का आदर-सत्कार होता था, जबकि वर्तमान सरकार में साढ़े नौ लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी गई हैं।

आज उत्तर प्रदेश 'बीमारू' राज्य की श्रेणी से बाहर निकल चुका है और माफिया मुक्त हो चुका है, जिससे अपराधियों के सरपरस्तों को सबसे ज्यादा पीड़ा हो रही है।

 

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का बड़ा तोहफा: यूपी के 68 हजार ग्राम प्रहरियों का मानदेय बढ़ा, मिलेगा 5 लाख का आयुष्मान कार्ड और मोबाइल!