यूपी के सीएम ने इस स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर किया ट्वीट, भाजपा विधायक ने दी ये प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बरेली का प्रोजेक्ट पसंद आया। कुछ देर में ही उनके कार्यालय ने ट्वीट करके बरेली के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को प्रदेश में अव्वल बता दिया।
बरेली, जेएनएन। विकास कार्यों पर दो तरफा संवाद में कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने बरेली स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की रिपोर्ट रखी। उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर पर तेजी से काम कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बरेली का प्रोजेक्ट पसंद आया। कुछ देर में ही उनके कार्यालय ने ट्वीट करके बरेली के स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट को प्रदेश में अव्वल बता दिया।
इस ट्वीट पर बिथरीचैनपुर विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल ने कहा कि 2018 से देख रहा हूं। ये प्रोजेक्ट सिर्फ फाइलों पर बन रहे हैं। शहर में विकास दिखाई नहीं देता है। हो सकता है प्रोजेक्ट अच्छा दिखाया गया हो। इसलिए प्रदेश में पहले पायदान पर बता दिया गया हो। बता दें कि हाल में महापौर उमेश गौतम भी बरेली स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के टेंडर पर सवाल उठाते हुए शासन में शिकायत भेजी थी।
इसके बाद कमिश्नर कार्यालय में जांच पहुंची। जिसकी रिपोर्ट नगर आयुक्त अभिषेक आनंद बना रहे हैं। कोविड के खिलाफ बरेली मंडल अच्छा काम कर रहा मुख्यमंत्री ने कहा कि बरेली मंडल में विकास के काम तेजी से हो रहे हैं। कोविड की लड़ाई में बरेली मंडल का प्रदर्शन अच्छा है। लेकिन वैक्सीन बनने तक सतर्कता जरूरी है। पॉजिटिव रेट और मृत्यु दर को कम करने पर हमारा पूरा जोर होना चाहिए।