स्वच्छता के लिए फिर जुटेगा शहर
जागरण संवाददाता, बरेली : शहर को स्वच्छ बनाने की मंशा से चलाया गया दैनिक जागरण का अभियान 'बदल के रहें
जागरण संवाददाता, बरेली : शहर को स्वच्छ बनाने की मंशा से चलाया गया दैनिक जागरण का अभियान 'बदल के रहेंगे बरेली' अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है। जल्द ही स्वच्छता के लिए एक बार फिर शहरवासी एकजुट होंगे। एक साथ मिलकर शहर में लोगों को स्वच्छता का संदेश देती जागरूकता रैली (वॉक फॉर चेंज) का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। वहीं, गलियों को गोद लेकर उन्हें आदर्श बनाने वाले पार्षदों व एनजीओ संचालकों को जागरण के मंच से सम्मानित भी किया जाएगा। इसके बाद लोगों को स्वच्छता की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
ऐसे चली जागरण की मुहिम
दैनिक जागरण ने शहर को स्वच्छ बनाने के लिए 15 जनवरी से 'बदल के रहेंगे बरेली' अभियान चलाया। आगाज महापौर डॉ. उमेश गौतम के शहरवासियों से स्वच्छता की भीख मांगने से हुआ। उसी दिन से तमाम एनजीओ घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में जुट गए। शहर के प्रबुद्धजनों को जागरण रत्न भी बनाया। दैनिक जागरण ने पार्षदों के साथ बैठक कर उन्हें अपने वार्ड की एक-एक सड़क गोद लेने के प्रेरित किया। उसे आदर्श सड़क बनवाया। वही, दैनिक जागरण ने भी अपने कार्यालय के सामने बलवंत मार्ग को गोद लेकर संवारा। जागरण की टीम ने वार्डो में घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के फायदे बताए। इसका असर भी दिखाई दिया। तमाम लोग जागरूक हुए और सड़कों के हाल सुधरे।
जल्द निकाली जाएगी रैली
'बदल के रहेंगे बरेली' अभियान के आखिरी चरण में 'वॉक फॉर चेंज' यानी बदलाव के लिए रैली जल्द निकाली जाएगी। इसमें जागरण के नौ रत्न के साथ ही शहर के अन्य लोग भी उमड़ेंगे। रैली में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य होगा। ऐसा करने वालों को रैली वाले दिन ही टी-शर्ट और टोपी दी जाएगी। रैली शहर के प्रमुख मार्गो से होकर निकलेगी। हर कोई शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के संदेश देगा। जिम्मेदारी का एहसास कराया जाएगा। आदर्श मार्ग बनाने वाले होंगे सम्मानित
वॉक फॉर चेंज के दिन ही सम्मान समारोह होगा। शहर में आदर्श मार्ग बनाने वाले उन सभी पार्षदों को सम्मानित करेंगे। उनके प्रयासों के बारे में भी बताया जाएगा। सड़कें गोद लेने वाले एनजीओ व अन्य संगठनों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।