चंडीगढ़ ब्लॉक से बरेली की ट्रेनें प्रभावित, कई मार्ग बदले, त्योहार स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ी
चंडीगढ़ स्टेशन पर पावर एवं यातायात ब्लॉक के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा, जिनमें बरेली से गुजरने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।

HighLights
चंडीगढ़ ब्लॉक से बरेली होकर जाने वाली ट्रेनें प्रभावित होंगी।
कई ट्रेनों का मार्ग बदला या अंबाला कैंट से चलेंगी।
त्योहारों के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ा।
जागरण संवाददाता, बरेली। चंडीगढ़ स्टेशन पर पावर एवं यातायात ब्लाक के कारण कई ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट, शार्ट ओर्जिनेट और मार्ग परिवर्तन कर चलाया जाएगा। कुछ ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर होगा। इनमें बरेली से होकर गुजरने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार, रामनगर से 14, 21, 28 सितंबर, पांच एवं 12 अक्टूबर को चलने वाली 15063 रामनगर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस चंडीगढ़ के स्थान पर अंबाला कैंट में यात्रा समाप्त करेगी और अंबाला कैंट से चंडीगढ़ के बीच निरस्त रहेगी।
चंडीगढ से 14, 21, 28 सितंबर, पांच एवं 12 अक्टूबर को चलने वाली 15064 चंडीगढ़-रामनगर एक्सप्रेस चंडीगढ़ के स्थान पर अंबाला कैंट से चलाई जाएगी, यह चंडीगढ़ से अंबाला कैंट के बीच निरस्त रहेगी।
इसके अलावा लालकुआं से तीन एवं 10 अक्टूबर को चलने वाली 14615 लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग अम्बाला कैंट-सरहिंद-सानेहवाल के रास्ते चलाई जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस ट्रेन का ठहराव चंडीगढ़, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) एवं न्यू मोरिंडा जंक्शन स्टेशनों पर नहीं रहेगा।
अमृतसर से तीन एवं 10 अक्टूबर को चलने वाली 14616 अमृतसर-लालकुआं एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग सानेहवाल-सरहिंद-अम्बाला कैंट के रास्ते चलाई जायेगी और मार्ग परिवर्तन दौरान इसका ठहराव न्यू मोरिंडा जंक्शन, साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) एवं चंडीगढ़, स्टेशनों पर नहीं रहेगा।
वहीं, सहरसा से 13, 20, 27 सितम्बर, चार एवं 11 अक्टूबर को चलने वाली 15531 सहरसा-अमृतसर एक्सप्रेस का अतिरिक्त ठहराव साहिबजादा अजित सिंह नगर मोहाली स्टेशन पर और अमृतसर से 14, 21, 28 सितंबर, पांच एवं 12 अक्टूबर को चलने वाली 15532 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस का अतिरिक्त ठहराव साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर प्रदान किया जाएगा।
त्योहारों पर दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ा
रेलवे ने त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व में संचालित दो जोड़ी ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ा दी है।
रेलवे के मुताबिक 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनन्द विहार टर्मिनल स्पेशल का विस्तार 29 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार को 26 अतिरिक्त फेरों और 05580 आनन्द विहार टर्मिनल-पूर्णिया कोर्ट वाया गोरखपुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल का विस्तार छह सितम्बर से एक दिसम्बर तक प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को 26 अतिरिक्त फेरों के लिये किया गया है।
इसके अलावा 05575 सहरसा-आनन्द विहार टर्मिनल वाया गोरखपुर साप्ताहिक स्पेशल का विस्तार आठ सितंबर से 24 नवंबर, तक प्रत्येक मंगलवार को 12 अतिरिक्त फेरों और 05576 आनन्द विहार टर्मिनल-सहरसा स्पेशल का विस्तार 10 सितंबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को 12 अतिरिक्त फेरों के लिये किया गया है।
