बच्चों और महिलाओं के शोषण को लेकर सरकार गंभीर : मेनका गांधी
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने कहा कि बच्चों और महिलाओं को शोषण से निजात दिलाने के लिए सरकार गंभीर है।
पीलीभीत(जेएनएन)। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका संजय गांधी ने कहा कि बच्चों और महिलाओं को शोषण से निजात दिलाने के लिए सरकार गंभीर है। इस दिशा में उनके मंत्रालय ने प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने दैनिक जागरण की ओर से चलाए जा रहे अभियान बाल यौन शोषण अब बस को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि भविष्य में कुछ और कड़े कदम उठाए जाएंगे। खासकर महिलाओं और बच्चों की तस्करी रोकने के लिए संसद में एक नया विधेयक लाया गया है, लोकसभा इसे पारित कर चुकी है। शीतकालीन सत्र में राज्यसभा से भी पारित होने की संभावना है।
केंद्रीय मंत्री मंगलवार को दैनिक जागरण के अभियान बाल यौन शोषण अब बस... के तहत स्कूली बच्चों की जागरूकता रैली के शुभारंभ के मौके पर गांधी स्टेडियम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में कोमल फिल्म बच्चों को नियमित रूप से दिखाई जानी चाहिए, जिससे बच्चे अच्छे और बुरे स्पर्श का फर्क समझकर यौन शोषण से बच सकें। कोमल फिल्म सिर्फ एक मिनट की है लेकिन इसमें बच्चों में समझ विकसित करने का स्पष्ट संदेश है। ज्यादातर बच्चों का यौन शोषण करने वाले बड़े लोग होते हैं। ये रिश्तेदार भी हो सकते हैं और अन्य परिचित भी। ऐसे में बच्चे उनके बारे में खुलकर शिकायत नहीं कर पाते। इसलिए उनके मंत्रालय ने बच्चों एवं महिलाओं को यौन शोषण से बचाने के लिए अनेक उपाय लागू कराए हैं। केंद्रीय मंत्री ने दैनिक जागरण के अभियान की सराहना की।