Smart City: शाहजहांपुर में 35 करोड़ से तिराहे-चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी, हाईटेक होगी यातायात व्यवस्था
शहर की सड़कों पर यदि किसी ने तेज गति से वाहन चालाया या फिर अन्य नियमों को तोड़ने का प्रयास करेंगे तो कोई कार्रवाई से बच नहीं पाएगा। महानगरों की तरह अब शाहजहांपुर नगर निगम को स्मार्ट व सेफ सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।
शाहजहांपुर, जेएनएन। शहर की सड़कों पर यदि किसी ने तेज गति से वाहन चालाया या फिर अन्य नियमों को तोड़ने का प्रयास करेंगे तो कोई कार्रवाई से बच नहीं पाएगा। महानगरों की तरह अब शाहजहांपुर नगर निगम को स्मार्ट व सेफ सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 35 करोड़ रुपये का बजट भी मंजूर हो गया। इसके अलावा यातायात व्यवस्था की बेहतरी के लिए कई अन्य सुविधाएं भी शहरवासियों को मिलने जा रही है।
स्मार्ट सिटी का दर्जा मिलने के बाद मंडलायुक्त, जिलाधिकारी व नगर आयुक्त की चयन समिति ने स्मार्ट व सेफ सिटी का खाका भी तैयार कर लिया है। इस के तहत यातायात को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जाएगा। बजट मंजूर होने के बाद जनवरी माह में इस पर काम भी शुरू हो जाएगा। नगर निगम परिसर में एक नियंत्रण कक्ष बनाया जाएगा। जिससे पूरे शहर की व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी।
17 स्थानों पर लगेंगे कैमरे
नगर निगम प्रशासन ने ऐसे 17 स्थान चिह्नित किए है जहां सीसीटीवी लगाए जाने है। इसके साथ लगी इंफ्रारेड डिवाइस (सेंसर) लगेंगे। जो नियम तोड़ने पर ऑटोमैटिक सिस्टम से चालान हो जाएगा। इसका मैसेज वाहन स्वामी के मोबाइल नंबर पर पहुंच जाएगा।
जाम से मिलेगी निजात
अक्सर तिराहे-चौराे पर लोग वाहन खड़े कर बाते करने में व्यस्त हो जाते है। जिस वजह से जाम भी लग जाता है। लेकिन यातायात की व्यवस्था हाईटेक होने के बाद इस तरह की मनमानी भी बंद हो जाएगी। जिससे जाम से भी निजात मिल जाएगा।
क्या बोले अधिकारी
स्मार्ट व सेफ सिटी पर जल्द काम शुरू हो जाएगा। जिससे यातायात व्यवस्था में काफी हद तक सुधार हो जाएगा। एक-दो माह में काम शुरू होने की संभावना है।-संतोष शर्मा, नगर आयुक्त