एलन क्लब तालाब में भैंसों की नोएंट्री, डेयरी संचालकों ने किया हंगामा Bareilly News
भैंसों को रोकने के लिए लोहे के गार्डर लगा दिए। रास्ता बंद करने की सूचना पर पहुंचे डेयरी संचालकों ने जमकर हंगामा किया। अधिकारियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई।
बरेली, जेएनएन : तालाबों के संरक्षण को जागरण की मुहिम का असर नगर निगम के अफसरों की नींद टूटी है। अधिकारियों ने वर्षो बाद बुधवार को आखिरकार एलन क्लब तालाब पर कब्जा ले लिया। इतना ही नहीं वहां से भैंसों को निकाल दिया और भैंसों को रोकने के लिए लोहे के गार्डर लगा दिए। रास्ता बंद करने की सूचना पर पहुंचे डेयरी संचालकों ने जमकर हंगामा किया। अधिकारियों के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई हालांकि पुलिस के पहुंचने पर डेयरी संचालक शांत हो गए। वे नगर आयुक्त से भी मिले।
दैनिक जागरण ने शहर के तालाबों को संरक्षित करने के लिए अभियान चला रखा है। बीते दिनों शहर के बीच संजय कम्युनिटी हाल के पीछे एलन क्लब वाले तालाब का हाल दिखाया था। इसका संज्ञान लेकर नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन ने बुधवार को अधिकारियों को कब्जा लेने को भेजा। उन्होंने तालाब में भैंसों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए। टीम जेसीबी के साथ पहुंच गई। इसकी सूचना पर तमाम डेयरी संचालकों ने वहां पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने जेसीबी को रोक दिया और विरोध करने लगे।
एलन क्लब तालाब पर कब्जा लेने पहुंचे नगर निगम अधिकारियों व डेयरी संचालकों में झड़प हुई।
काम रोकने पर अतिक्रमण टीम प्रभारी ललतेश सक्सेना, एई सुशील सक्सेना समेत कई कर्मचारी वहां पहुंचे। डेयरी संचालकों ने कोर्ट में केस चलने की बात कही। बोले, भैंसें कहां नहाने जाएंगी। इस पर अतिक्रमण प्रभारी ने संपत्ति निगम की बताई। इसी को लेकर उनके बीच जमकर कहासुनी भी हो गई। नगर आयुक्त से मिले तो उन्होंने भी समय देने से इन्कार कर दिया। इसके बाद निगम की टीम ने वहां लोहे के गार्डर लगा दिए।
रोजाना आती हैं दो से ढाई सौ भैंसें
रामपुर गार्डन, चौपुला चौराहे के पास, कालीबाड़ी, सिकलापुर, बिहारीपुर समेत कई मुहल्लों से भैंसें वर्षो से इस तालाब में आती हैं। रोजाना करीब दो से ढाई सौ भैंसें यहां नहाती हुई मिलती हैं। उनके आने-जाने से सड़कों पर जाम लगता है।
पुलिस ने मामला निपटाया और इसके बाद नगर निगम ने एंगल लगाकर रास्ता बंद किया।
स्मार्ट सिटी में होना है तालाब का सुंदरीकरण
नगर निगम ने तालाब के सुंदरीकरण के लिए स्मार्ट सिटी योजना में इसे लिया है। पीएमसी कंपनी श्रेई इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रही हैं। फाउंटेन, पार्क बनाकर तालाब को पिकनिक स्पॉट बनाया जाएगा। तालाब के पानी को शुद्ध करने के लिए बॉयोलॉजिकल ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाना है।
तालाब जाने का रास्ता बंद कराया
नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन ने कहा कि एलन क्लब वाले तालाब में अब भैंसें नहीं जा सकेंगी। उनका रास्ता बंद करवा दिया गया है। तालाब को स्मार्ट सिटी योजना के तहत संवारा जाएगा।