Firing : परनाला के विवाद में रिटायर्ड दारोगा के भाई ने फायरिंग कर फैलाई दहशत, मुकदमा दर्ज
सीबीगंज के जौहरपुर गांव में परनाला निकालने के विवाद को लेकर जेल पुलिस से रिटायर्ड दारोगा के भाई ने गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी।
जेएनएन, बरेली। Firining in CB Ganj : सीबीगंज के जौहरपुर गांव में परनाला निकालने के विवाद को लेकर जेल पुलिस से रिटायर्ड दारोगा के भाई ने गांव में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। इतना ही नहीं आरोपित ने घर में घुसकर पीडि़त परिवार के साथ मारपीट भी की। फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मारपीट के दौरान घायल हुए लोगों को पुलिस ने मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
दो दिन पूर्व जेल पुलिस के रिटायर्ड दारोगा गोपाल शर्मा के घर के परनाले का पानी सामने रहने वाले विनोद मिश्रा के घर जा रहा था। जिसे लेकर विनोद ने कई बार आपत्ति जताई। दो दिन पूर्व भी इस विवाद की तहरीर थाने पुलिस को सौंपी गई थी। पुलिस गांव पहुंची लेकिन, बिना किसी कार्रवाई के वापस लौट गई थी। इस बात को लेकर आरोपित पक्ष पीडि़त से बैर मानने लगा।
मंगलवार दोपहर फिर कहासुनी के बाद रिटायर्ड दारोगा के भाई मनोज शर्मा ने गांव में करीब 10 से 15 राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी। आरोप है कि इसी बीच रिटायर्ड दारोगा का लड़का विकास व भतीजे अंकित ने पीडि़त के घर में घुसकर उसकी पत्नी शोभा, बहन मधु, भाभी बबली से मारपीट की। ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों के अंदर दुबक गए।
फायरिंग की सूचना पर पीआरवी व थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को पुलिस ने मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा। पीडि़त विनोद मिश्रा की तहरीर पर विकास, मनोज, अंकित के खिलाफ जानलेवा हमला,घर में घुसकर मारपीट आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घटना के समय मैं कचहरी में था। सूचना पर फोर्स को मौके पर गई थी। तहरीर पर तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।
बच्चू सिंह, इंस्पेक्टर सीबीगंज