Love Couple Sucide: लड़की की मां ने नहीं दी शादी की इजाजत तो प्रेमी युगल ने जहर खाकर दे दी जान
दोनों बालिग थे। एक दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे। दोनों शादी करना चाहते थे लेकिन लड़की की मां शादी का विरोध कर रही थी। काफी कोशिशों के बाद भी मां ने शादी करने की इजाज नहीं दी।
बरेली, जेएनएन : दोनों बालिग थे। एक दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे। शादी करना चाहते थे लेकिन लड़की की मां शादी का विरोध कर रही थी। पंचायत समेत काफी कोशिशों के बाद भी मां ने शादी करने की इजाजत नहीं दी और बेटी के लिए अच्छा लड़का तलाशने लगीं। लड़की मां दोनों को एक-दूसरे से जुदा करने पर अमादा हुई तो उन्होंने एक साथ मरने का फैसला कर लिया। देर रात भागकर दोनों नहर किनारे पहुंचे और सल्फास खा लिया। जहर से असर दिखाया तो युवती ने प्रेमी के पिता को फोन मिलाया। बोली- हमारी हालत बिगड़ रही है । परिजन मौके पर पुलिस के साथ पहुंचे। प्रेमी युगल को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
घटना बंडा क्षेत्र के गांव ठुर्रा की है। कालीचरन के 21 वर्षीय बेटे अजय पाल उर्फ सचिन का गांव में रहने वाले रामदास की बेटी 19 वर्षीय ममता से दो साल से प्रेम संबंध थे। जिसकी जानकारी दोनों के परिजनों को हो गई थी। इस दौरान अजय पाल दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करने चला गया। वह घर वापस आया तो उसने अपनी मां रामदेवी से शादी का प्रस्ताव रखा। ग्राम प्रधान ने पंचायत करके शादी कराने के प्रयास किए, लेकिन ममता की मां सावित्री देवी तैयार नहीं हुईं। इस बात से प्रेमी युगल काफी आहत था। बुधवार की रात करीब 12 बजे दोनों घर से निकल गए। गांव से करीब तीन किमी दूर सिंघापुर गांव के पास शारदा नदी के पुल पर बैठकर सल्फास की गोलियां खा लीं।
खुद फोन करके दी परिजनों को खबर
रात करीब डेढ़ बजे हालत बिगडऩे पर ममता ने अजय के पिता को फोन करके बताया कि उसने और अजय ने सल्फास की गोलियां खा ली हैं। उनकी हालत बिगड़ रही है। कालीचरन यूपी 100 टीम के साथ मौके पर पहुंचा और दोनों को सीएचसी लेकर आए, जहां करीब चार बजे डॉक्टर ने ममता को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांच मिनट बाद अजयपाल ने भी दम तोड़ दिया।
विरोध बर्दाश्त नहीं कर पाया प्रेमी युगल
प्रेम संबंध और फिर शादी का विरोध प्रेमी-प्रेमिका बर्दाश्त नहीं कर पाए। अजय के परिजन ने शादी की बात पंचायत बुलाई मगर ममता की मां ने इन्कार कर दिया। बस, यही बात प्रेमी युगल को खटक गई। साथ रहने न देने पर उन्होंने एक-दूसरे के साथ मरने का फैसला कर लिया।
थानाध्यक्ष बोले- मामले में नहीं मिली कोई तहरीर
थानाध्यक्ष हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजन शादी करने को तैयार नहीं थे। इसलिए दोनों ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप