Good News: बरेली एयरपोर्ट से उड़ान के लिए 15 मई से शुरू होगी बुकिंग
शहर में पहली हवाई उड़ान जून में होगी। टबरे एयरलाइन इसके लिए 15 मई से बुकिंग शुरू करेगी। गुरुवार को एयरलाइन की टीम ने सिविल एंक्लेव का निरीक्षण किया।
जेएनएन, बरेली: शहर में पहली हवाई उड़ान जून में होगी। टबरे एयरलाइन इसके लिए 15 मई से बुकिंग शुरू करेगी। गुरुवार को एयरलाइन की टीम ने सिविल एंक्लेव का निरीक्षण किया। उपलब्ध सुविधाओं को उड़ान के लिए पर्याप्त माना है, लेकिन फिलहाल लोगों को लखनऊ के लिए हवाई यात्र की सुविधा मिलेगी।
टबरे के हेड ऑफ ऑपरेशन रवि शंकर के नेतृत्व में टीम गुरुवार दोपहर सिविल एंक्लेव पहुंची। टीम ने यहां बने एप्रेन, टैक्सी वे को देखा। इसके साथ ही यात्रियों के चेक इन और चेक आउट को बने पोटा केबिन को भी देखा। यहां विमान क्रू मेंबर के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली। निरीक्षण में एयरपोर्ट अर्थारिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त महाप्रबंधक राजीव कुलश्रेष्ठ भी मौजूद रहे। उन्होंने सिविल एंक्लेव के बारे में पूरी जानकारी उन्हें दी। इसके साथ ही त्रिशूल में शेष काम के बारे में बताया। इस पर टीम ने संस्तुति जाहिर की। टीम के हेड ऑफ ऑपरेशन ने बताया कि शुरुआत में लखनऊ के लिए फ्लाइट मिलेगी। विमान की क्षमता 70 सीटर होगी। किराया 1000 से 1200 रुपये तक रहेगा।
दिल्ली की उड़ान के लिए चल रही है बात
उन्होंने बताया कि लखनऊ के लिए उड़ान की इजाजत मिल चुकी है। बरेली से नई दिल्ली के लिए उड़ान की अनुमति के लिए वार्ता चल रही है। उम्मीद है कि उड़ान शुरू होने तक यह अनुमति भी मिल जाएगी। इसके साथ ही बरेली सिविल एंक्लेव से हवाई यात्र शुरू करने को एयरफोर्स से भी अनुमति मांगी है। यह अनुमति भी जल्द मिल जाएगी।