बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से टिकट की दावेदारी कर रहीं भाजपा की अल्का सिंह कांग्रेस में हुईं शामिल
UP Assembly Election 2022 कांग्रेस ने भाजपा की क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा अल्का सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाई। 18 जनवरी को उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र देकर दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की थी।
बरेली, जेएनएन। UP Assembly Election 2022 कांग्रेस की कैंट विधानसभा से घोषित प्रत्याशी व पार्टी के बड़े कद के नेता ने शनिवार को कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टी की सदस्यता ले ली। जिसके बाद उनकी जगह कांग्रेस ने भाजपा की क्षेत्रीय मंत्री महिला मोर्चा अल्का सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाई। 18 जनवरी को उन्होंने भाजपा से त्यागपत्र देकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की थी। प्रियंका गांधी वाड्रा की लड़की हूं लड़ सकती हूं से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता दिल्ली में प्रियंका गांधी से मुलाकात के बाद ली। वह बिथरी चैनपुर से टिकट की मांग कर रहीं हैं। रविवार को कांग्रेस के जिला कार्यालय में उन्होंने जिला प्रभारी जितेंद्र कश्यप व मिर्जा अशफाक सकलैनी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता लिए जाने की घोषणा की। वहीं इसी दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष, पूर्व डिप्टी मेयर और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष डा. मोहम्मद खालिद ने भी कांग्रेस का हाथ थामा। वह कैंट विधानसभा सीट से टिकट की मांग कर रहे हैं।
कैंट विधानसभा सीट पर अंसारी वोट पर नजर: कैंट से सुप्रिया ऐरन के जाने के बाद से कांग्रेस ने इस सीट पर मंथन शुरू कर दिया है। सबसे अधिक अंसारी वोट होने के कारण पार्टी इस सीट से मुस्लिम प्रत्याशी उतरने पर विचार कर रही है। भाजपा, सपा व बसपा ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। डा. खालिद समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष वीरपाल सिंह यादव के बेहद करीबी होने के साथ ही उस अंसारी बिरादरी से हैं। जिसके लगभग 40 से 50 हजार वोटर कैंट विधानसभा सीट पर हैं। साथ ही आइएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा पहले ही कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान कर चुके हैं। ऐसे में कैंट सीट का पठान वोट भी कांग्रेस को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। क्योंकि अन्य किसी भी दल ने यहां से मुस्लिम प्रत्याशी नहीं उतारा है। वहीं पार्टी हाजी इस्लाम बब्बू पर भी एक बार फिर से दांव खेलने पर विचार कर रही है।
आज जारी हो सकती है तीसरी सूची: पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को तीसरी सूची जारी कर सकती हैं। इसमें जिले की दो सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा होने का अंदेशा जताया जा रहा है। जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी ने बताया कि पार्टी में लगातार दूसरे दलों से नेता आकर पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं। यह क्रम अभी आगे भी जारी रहेगा। सोमवार रात तक तीसरी सूची जारी होने की उम्मीद है।