भाजपा विधायक राजेश मिश्रा किसी IAS अफसर से करवाना चाहते थे बेटी साक्षी की शादी
दलित युवक से शादी करने वाली बरेली के बिथरी चैनपुर सीट से विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा की शादी उनके पिता आइएसएस ऑफिसर से करवाना चाहते थे।
बरेली, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के दबंग विधायकों में शामिल बरेली की बिथरी चैनपुर से विधानसभा के प्रतिनिधि राजेश कुमार मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल अपनी पुत्री साक्षी का विवाह किसी आइएएस अफसर से करने चाहते थे। इसकी उन्होंने योजना भी बना ली थी। इसी पुष्टि साक्षी ने भी कर दी है।
दलित युवक से शादी करने वाली बरेली के बिथरी चैनपुर सीट से विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल की बेटी साक्षी मिश्रा की शादी उनके पिता आइएसएस ऑफिसर से करवाना चाहते थे। साक्षी मिश्रा ने एक टीवी चैनल पर इस बात को स्वीकार भी किया। साक्षी ने कहा कि उनके पिता और मां बीती दो जुलाई को इसी सिलसिले में लखनऊ गए थे। राजेश मिश्रा ने लखनऊ जाने पर घर में सभी को बताया था कि मम्मी को डॉक्टर से दिखाने ले जा रहे हैं।
साक्षी मिश्रा ने बताया कि इसके बाद ही उन्होंने फैसला किया कि अब घर से निकलना ही पड़ेगा। इसके बाद अजितेश से बात हुई और तीन जुलाई को शाम चार बजे घर से निकली। उस वक्त उनके घर में साक्षी की छोटी बहन और उनके मामा का बेटा मौजूद था।
अजितेश कुमार की दोस्ती साक्षी मिश्रा के भाई विक्की से थी। अजितेश और साक्षी एक दूसरे को कई वर्ष से जानते थे। इस बीच अजितेश की सगाई एक भोपाल की लड़की से हुई। सगाई के बाद इनके बीच विवाह नहीं हो सका। चार जुलाई को प्रयागराज के राम जानकी मंदिर में अजितेश कुमार और साक्षी मिश्रा ने शादी कर ली।
इसके बाद अपने पति के जान का खतरा बता कर साक्षी मिश्रा ने दो वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इसमें उन्होंने अपने पिता और भाई के लोगों से अपनी तथा पति की जान का खतरा बताया। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुरक्षा को लेकर याचिका दायर किया। अब इनकी याचिका पर 15 जुलाई को सुनवाई होगी।
विधायक राजेश मिश्र के समर्थन में खड़े हुए विधायक श्याम प्रकाश
बरेली के विधायक राजेश मिश्र की पुत्री के अनुसूचित जाति के युवक से प्रेम विवाह करने पर हरदोई की गोपामऊ विधान सभा क्षेत्र से विधायक श्याम प्रकाश, विधायक के सर्मथन में खड़े हुए हैं। इस मामले में सोशल मीडिया आैर चैनलों पर चल रही बहस का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि किसी की बेटी ऐसा करेगी तो उसके पिता से दर्द पूछो। उन्होंने साक्षी से शादी करने वाले अजितेश का विरोध करते हुए उस पर धोखा करने का आरोप लगाते हुए उसका सामाजिक बहिष्कार तक कर देने की बात लिखी। फेस बुक पर लिखी गई पोस्ट पर बहस शुरू हो गई है आैर सैकड़ों लोग कमेंट कर रहे हैं।
अजितेश पर कालोनीवासियों ने लगाए गंभीर आरोप
भाजपा विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी के दलित युवक अजितेश से प्रेम विवाह करने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। जहां एक ओर अजितेश की भोपाल की लड़की से सगाई का खुलासा हुआ है तो वहीं अब बरेली में जिस वीर सावरकर नगर कालोनी में अजितेश रहते हैं, वहां के लोगो ने उन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कालोनी के लोगों ने आरोप लगाया है कि अजितेश अय्याश है और कालोनी में आए दिन लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करता रहता है।
अजितेश पर आरोप लग रहा है कि उसके कई शादीशुदा महिलाओं से भी अवैध संबंध हैं। कालोनी निवासी इंजीनियर एके सिंह का कहना है कि अजितेश की गाड़ी में अभी तक ठाकुर लिखा रहता था तो हम लोग तो उसे ठाकुर समझते थे, लेकिन अजितेश की गाड़ी अब ढूंढे नहीं मिल रही है। कालोनी के लोगों का कहना है यह दलित-ब्राह्मण का मुद्दा नहीं है। यह तो एक लड़की और उसके पिता का मामला है। अजितेश कालोनी का सबसे निकृष्ट लड़का था। रवि लेखवानी का कहना है कि अजितेश का चरित्र काफी गलत है। उसके कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं। वह काफी नशा करता है। पड़ोसियों को अजितेश पर मुकदमे दर्ज होने का भी शक है।