Loksabha Election 2019: भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा ने हलफनामा में छिपाई शादी की बात, ये है वजह
लोकसभा चुनाव में बदायूं से भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्या के नामांकन के दौरान पेश किए गए हलफनामे पर सवाल उठने लगे हैं।
जेएनएन, बरेली: लोकसभा चुनाव में बदायूं से भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा मौर्या के नामांकन के दौरान पेश किए गए हलफनामे पर सवाल उठने लगे हैं। कहा जा रहा है कि हलफनामे में उन्होंने शादी की बात छिपाई है। यह बात वायरल होने से सियासी गलियारों में खलबली है। पिछली बार मैनपुरी से चुनाव लड़ते वक्त उन्होंने अपने हलफनामे में अपने पति डॉ. नवल किशोर के नाम का उल्लेख किया था। चर्चा यह भी है कि उनके पति सपा के करीबी हैं। साथ उनके पति से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे हैं।
बदायूं के प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या की पुत्री संघमित्रा मौर्या को भाजपा ने इस सीट से लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। मंगलवार को उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिसमें संपत्ति, आपराधिक मामले, असलहा, वाहन, जेवरात सभी का बिंदुवार जिक्र किया है। लेकिन पति के नाम का जिक्र नहीं किया। कॉलम में उन्होंने अपने पिता का नाम दर्ज किया। बुधवार को यह बात वायरल हुई तो सभी हैरत में पड़ गए। मैनपुरी से 2014 में चुनाव लड़ते हुए उन्होंने अपने हलफनामे में अपने पति डा. नवल किशोर निवासी सुनहरा पोस्ट भुजपुरा जिला कासगंज दर्ज किया था। डॉ. संघमित्रा ने पति का नाम हलफनामे में क्यों नहीं लिखा, इस बाबत स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
क्या बोलीं संघमित्रा बोलीं
इस बाबत भाजपा प्रत्याशी संघमित्रा को फोन किया तो उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का जमाना है, ऊपर से चुनाव हैं। यही वजह है कि यह सब प्रचारित किया जा रहा है। मैंने कुछ भी नहीं छिपाया है। जिससे मेरी पहचान है मैंने वह हलफनामे में दिया है।