Bisalpur Road : 2018 में स्वीकृत हुए इस Bridge की टू-लेन अब देगी लोगो को राहत Bareilly News
शासन ने सितंबर 2018 में बरेली-बीसलपुर मार्ग के किलोमीटर दो पर नकटिया नदी के ऊपर फोरलेन सेतु के निर्माण को 12.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी।
जेएनएन, बरेली : सेतु निगम ने साल भर में बीसलपुर रोड पर नकटिया नदी पुल का एक हिस्सा तैयार कर दिया है। वहां एप्रोच मार्ग बनाने के साथ ही वाहनों का निकलना शुरू हो गया है। इससे वहां से निकलने वालों को राहत मिली है। इसके साथ ही बचे हुए टू-लेन पुल का निर्माण को कार्य तेज कर दिया है।
बरेली-बीसलपुर मार्ग : शासन ने सितंबर 2018 में बरेली-बीसलपुर मार्ग के किलोमीटर दो पर नकटिया नदी के ऊपर फोरलेन सेतु के निर्माण को 12.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी थी। करीब 70.88 मीटर लंबे इस पुल का निर्माण सेतु निगम ने पिछले साल अक्टूबर में शुरू किया। निगम को पुल के साथ ही मुख्य पहुंच मार्ग व सुरक्षात्मक कार्य भी कराना है। सेतु निगम ने कुंआ फाउंडेशन वाले पिलर पर पुल का निर्माण शुरू किया। नया पुल पुराने पुल के दोनों ओर बनाया जाना था। सेतु निगम ने बायी ओर टू-लेन पुल का निर्माण पूरा कर लिया है।
तैयार कर दी एप्रोच रिपोर्ट : इसकी एप्रोच रोड भी बना दी है, जिस पर फिलहाल कोलतार की परत नहीं डाली है। वहीं, नदी पर दायीं ओर दूसरे टू-लेन पुल निर्माण से पहले उसके ऊपर से निकल रही हाईटेंशन लाइन को हटाने का काम किया जा रहा है। इसके लिए सेतु निगम ने मुख्यालय से करीब 1.10 करोड़ रुपये की मांग की है।
बीसलपुर रोड पर पुल का एक हिस्सा पूरा कर लिया गया है। इस पर वाहन चलने लगे हैं। एप्रोच पर कोलतार का काम जल्द होगा। दूसरी ओर पुल का काम तेज कर दिया गया है।
- बीके सेन, डीपीएम, सेतु निगम
पुल तो बना दिया गया है, लेकिन पानी की निकासी के लिए नाला नहीं बनाया है। इससे जलभराव की समस्या होगी। - डॉ. संतोष शर्मा
ब्रिज बनने से काफी आराम हुआ है। पहले यहां भीषण जाम लगता था। पुल का एक हिस्सा ही बनने से स्थिति ठीक हो गई है। - महेश