Move to Jagran APP

लोकसभा चुनाव 2019: सपा को बड़ा झटका, तीन बार सांसद रहे कुंवर सर्वराज सिंह कांग्रेस प्रत्याशी बने

तीन बार सांसद रहे कुंवर सर्वराज सिंह बगावत का झंडा बुलंद करते हुए कांग्रेस में शामिल हो गए। उनका आंवला से टिकट भी कांग्रेस ने फाइनल कर दिया।

By Abhishek PandeyEdited By: Published: Sun, 24 Mar 2019 01:19 PM (IST)Updated: Mon, 25 Mar 2019 10:34 AM (IST)
लोकसभा चुनाव 2019: सपा को बड़ा झटका, तीन बार सांसद रहे कुंवर सर्वराज सिंह कांग्रेस प्रत्याशी बने
लोकसभा चुनाव 2019: सपा को बड़ा झटका, तीन बार सांसद रहे कुंवर सर्वराज सिंह कांग्रेस प्रत्याशी बने

जेएनएन, बरेली : बसपा से गठबंधन के बूते भाजपा का विजय रथ रोकने की कोशिश में जुटी सपा को जिले में झटका लगा है। तीन बार सांसद रहे कुंवर सर्वराज सिंह ने नाता तोड़ लिया है। वह बगावत का झंडा बुलंद करते हुए कांग्रेस में शामिल हो गए। इतना ही नहीं, शनिवार देर रात तक उनका आंवला से टिकट भी कांग्रेस ने फाइनल कर दिया। इससे उनके समर्थकों में जोश भर गया।

loksabha election banner

प्रो. रामगोपाल यादव के करीबी माने जाते थे कुंवर

कुंवर सर्वराज सिंह के बागी होने से सपा संगठन को तगड़ा झटका लगा है। वह प्रोफेसर रामगोपाल यादव के करीबी माने जाते थे। सपा-बसपा के गठबंधन से उन्हें उम्मीद जगी थी कि एक बार फिर सांसद बन सकते हैं। वह दो बार सपा और एक बार जदयू से चुनाव जीत चुके हैं। आंवला में टिकट पर उनका दावा भी मजबूत माना जा रहा था। वह पिछले लोकसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे।

आंवला सीट बसपा को सौंपने पर थे नाराज

गठबंधन में टिकटों के बंटवारे का फार्मूला भी यही माना जा रहा था कि 2014 के चुनाव में दूसरे स्थान पर रहने वाली सीट उसी दल के लिए छोड़ी जाएगी। इसके विपरीत सपा ने आंवला सीट बसपा को सौंप दी। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव का कहना है कि आंवला ही नहीं कुछ और सीट सपा ने बसपा के लिए छोड़ी हैं। बदले में अन्य ली हैं। खैर जिस दिन लखनऊ से सीटों का एलान हुआ, तभी से कुंवर सर्वराज सिंह खफा बताए जा रहे थे।

भाजपा या कांग्रेस में जाने के कयास लग रहे थे पहले से

उनके भाजपा में जाने की चर्चा भी फैल गई थी। कांग्रेस में जा सकते हैं, यह भी कयास लग रहे थे। बताते हैं कि इन तमाम अटकलों के बीच सपा की तरफ से अपने पूर्व सांसद को मनाने या उनकी नाराजगी दूर करने के लिए कोई प्रयास नहीं हुआ। शनिवार दोपहर कांग्रेस में शामिल होकर सर्वराज सिंह ने अपने इरादे जाहिर कर दिए। वहीं, रात में कांग्रेस की तरफ से उनके टिकट का इंतजार भी खत्म हो गया। सर्वराज सिंह ने जागरण को बताया कि दिल्ली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात हो गई है। पार्टी का जो भी आदेश है, उसे फॉलो करेंगे।

गड़बड़ाएंगे आंवला में गठबंधन के समीकरण 

बहरहाल यह तय है कि सर्वराज सिंह की बगावत से आंवला में गठबंधन के समीकरण गड़बड़ाएंगे। सपा की तरफ से अभी इसे लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हां, टिकटों का एलान टल गया। एक दिन पहले सपा नेताओं का कहना था कि शनिवार तक बरेली सीट से भी उम्मीदवार तय हो जाएगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.