Move to Jagran APP

पहला होर्डिग हटाते ही मारपीट, थम गया अभियान

चौपुला पर अवैध होर्डिंग हटाते वक्त एजेंसी मालिक का बेटा टीम से भिड़ गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी से हाथापाई कर दी।

By Edited By: Published: Fri, 14 Dec 2018 02:19 AM (IST)Updated: Fri, 14 Dec 2018 12:51 PM (IST)
पहला होर्डिग हटाते ही मारपीट, थम गया अभियान
पहला होर्डिग हटाते ही मारपीट, थम गया अभियान

बरेली(जेएनएन)। अवैध होर्डिग और यूनीपोल के जरिये लाखों रुपये ठिकाने लगते रहते। मिलीभगत कई लोगों की थी, इसलिए लंबे समय अंगुली तक नहीं उठी। अब सवाल खड़े हुए तो नगर निगम की टीम जैसे-जैसे अवैध होर्डिग व यूनीपोल हटाने की बात कहकर कार्यालय से निकली मगर विवाद में फंस गई। चौपुला पर अवैध होर्डिंग हटाते वक्त एजेंसी मालिक का बेटा टीम से भिड़ गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी से हाथापाई कर दी। पहली ही कार्रवाई पर बवाल हो गया तो नगर निगम की टीम उल्टे पैर वापस लौट गई अभियान में दूसरे दिन की कार्रवाई थम गई।

prime article banner

नगर निगम की टीम गुरुवार को चौपुला पर अवैध होर्डिग्स और यूनिपोल हटाने पहुंची। एक घर की छत पर होर्डिग लगा देखा तो उसे उतारने लगे। इतना पता चलते ही एआर पब्लिसिटी एजेंसी के मोहित रस्तोगी वहां आ गए। होर्डिग हटाने वाली टीम से भिड़ गए, काम रोक दिया। कर्मचारियों ने कार्रवाई का हवाला देते हुए अधिकारियों से बात करने को कह दिया। कुछ ही देर में अभियान प्रभारी मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना पहुंच गए। मोहित उन पर बिफर गए। कहा कि इस तरह सीधे कार्रवाई नहीं होने देंगे। ललतेश ने कहा कि होर्डिग अवैध है इसलिए हटेगा जरुर, इस पर मोहित अड़ गए कि किसी भी हाल में नहीं हटने देंगे। अगर अवैध है तो पहले नोटिस दो। जवाब मिला कि ऐसी स्थिति में नोटिस देना जरूरी नहीं, इसलिए सीधे कार्रवाई होगी। बहस होते-होते मोहित ने धक्का दिया तो मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने भी उन्हें पीछे धकेल दिया। इतने में दोनों के बीच मारपीट होने लगी। गनीमत रही कि नगर निगम टीम के बाकी कर्मचारी आगे आए और बीच-बचाव कर किया। मोहित और ललतेश दोनों एक दूसरे पर धक्का-मुक्की का आरोप लगाते रहे। कुछ ही देर में मोहित के पिता व्यापारी नेता व एजेंसी मालिक सुरेंद्र रस्तोगी भी पहुंच गए। नगर निगम में गहमागहमी विवाद के बाद अभियान थम गया और दोनों पक्ष नगर निगम पहुंच गए। वहां भी दोनों पक्षों में गहमागहमी होती रही। मोहित पर कार्रवाई की तैयारी होने लगी। इसके बाद नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव से शिकायत की गई। लंबी बहस के बाद मामला शांत कर दिया गया।

छत पर होर्डिग लगाने में भी देना होगा टैक्स

छत पर होर्डिंग लगाने के लिए भी नगर निगम ने अनुमति लेनी होती है। इसके बाद विज्ञापन एजेंसी और मकान मालिक, दोनों को टैक्स देना होता है। चौपुला पर लगे होर्डिग की न अनुमति और न टैक्स अदायगी बताई जा रही थी।

किसने क्या कहा

  • बातचीत के दौरान मोहित ने धक्का दिया। यह देखकर कर्मचारी आ गए। मारपीट नहीं हुई। -ललतेश सक्सेना, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी
  • जीएसटी एक्ट के सेक्शन 173 में नगर निगम अधिनियम की धारा 172 (जिसमें नगर निगम वसूली करने के संग नियमावली बनाता है) और धारा 192, 193(जो कि अनुमति से संबंधित है) को निरस्त कर दिया है। यही बात नगर आयुक्त को बता होर्डिग नहीं हटाने की बात कही थी। धक्का मोहित ने नहीं बल्कि मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने दिया था। शाम को मामले में समझौता हो गया। -सुरेंद्र रस्तोगी, जिलाध्यक्ष, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल
  • विज्ञापन एजेंसी मालिक के बेटे ने लिखित में आकर माफी मांग ली है। भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने बात कही है, इसलिए तहरीर नहीं दी गई है। -राजेश श्रीवास्तव, नगर आयुक्त

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.