विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ढाबे पर खड़ी कार को घसीटते हुए ले गई... बरेली-सीतापुर हाईवे पर अनियंत्रित बस पेड़ से टकराई, परिचालक की मौत

Published: Wed, 22 Apr 2026 10:20 AM (IST)

बरेली-सीतापुर हाईवे पर सिमरा गांव के पास एक अनियंत्रित बस ढाबे पर खड़ी कार को टक्कर मारते हुए पेड़ से ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली-सीतापुर हाईवे पर मंगलवार शाम करीब आठ बजे हादसा हो गया। पंजाब से गोंडा-बहराइच जा रही डग्गामार बस अचानक सिमरा गांव के पास अनियंत्रित हो गई। बेकाबू बस ढाबे पर खड़ी कार को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस परिचालक की मौत हो गई।

बस में सवार अन्य सवारियों के मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद बस का चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में मारा गया परिचालक मोहन गोंडा जनपद के मोतीगंज थाना क्षेत्र के गांव सहजौरा निवासी था।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद परिचालक मोहन बस से गिर पड़ा। वह पिछले पहिए की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल मोहन को एंबुलेंस से फरीदपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बस चालक टक्कर लगते ही मौके से भाग निकला।

बस में क्षमता से अधिक सवारियां थीं

बस में सवार यात्रियों ने बताया कि वे दो दिन पहले पंजाब के लुधियाना से मजदूरी करने के बाद गोंडा-बहराइच लौट रहे थे। रास्ते में बस कई बार खराब हुई, जिसकी मरम्मत चालक व कंडक्टर ने की। सुबह चली बस में क्षमता से अधिक करीब 75 सवारियां भरी हुई थीं।

इधर, थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि ब्रेक या स्टीयरिंग फेल होने से बस अनियंत्रित हुई प्रतीत हो रही है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।