विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कूड़े के पहाड़ से मिलेगी मुक्ति, आज से चलेगा सथरापुर प्लांट; रोज निकलने वाले 500 टन कचरे का होगा निस्तारण

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:55 AM (IST)

बरेली के सथरापुर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट बुधवार से शुरू हो रहा है, जिससे शहर को कूड़े के ढेरों से मुक्ति मिलेगी।

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. सथरापुर प्लांट बुधवार से होगा शुरू, कूड़े से मिलेगी मुक्ति।

  2. 500 टन कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छता रैंकिंग सुधरेगी।

  3. बाकरगंज के पुराने कचरे को हटाने में भी तेजी आएगी।

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में कूड़े के ढेर, उठती दुर्गंध और गंदगी की अब उल्टी गिनती आरंभ हो गई है। सथरापुर में बनकर तैयार सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का बुधवार से शुभारंभ हो जाएगा। इसको लेकर मंगलवार देर रात तक प्लांट परिसर को फूलों से सजाया जाता रहा। वर्ष-2021 में बनकर तैयार प्लांट शहर के सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में एक है।

80 वार्डों से हर दिन निकलते करीब 500 टन कूड़े का निस्तारण अब तक चुनौती बना रहा। वर्ष-2021 से चल रही निविदा प्रक्रिया पूर्ण नहीं होने से प्लांट के संचालन की राह दूर होती जा रही थी। साथ ही बाकरगंज में भी कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा था और आमजन की परेशानी भी बढ़ती जा रही थी।

इसको देखते हुए वर्ष-2021 में सथरापुर में 20 हेक्टेयर में प्लांट का निर्माण कराने के बाद संचालन के लिए एजेंसी का चयन नहीं होने से परियोजना अब तक अटकी रही। सातवीं बार निविदा प्रक्रिया के बाद जनवरी-2026 में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने दिल्ली की पाथ्या (पीपुल्स एसोसिएशन फार टोटल हेल्प यूथ एप्लाज) एजेंसी को संचालन की जिम्मेदारी सौंपी। एजेंसी ने अपने खर्च से मशीनें स्थापित की हैं।

मशीनों का ट्रायल भी पूरा हो चुका है। नगर निगम एजेंसी को प्रति टन कूड़े के निस्तारण के लिए 446 रुपये का भुगतान करेगा। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि, प्लांट में गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग करके निस्तारित करने की व्यवस्था है।

C-500-1-BRY1024-544741

गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने के साथ बायोगैस उत्पादन की भी योजना है। प्लांट शुरू होते ही बाकरगंज में कूड़ा जाना बंद कर दिया जाएगा। सथरापुर में नए कूड़े के व्यवस्थित निस्तारण से बाकरगंज के पुराने कचरे को हटाने के काम में भी तेजी आएगी।

बाकरगंज में वर्तमान में हर दिन 1700 टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण हो रहा। नगर आयुक्त ने बताया कि प्लांट का संचालन बुधवार सुबह दस बजे से आरंभ कर दिया जाएगा, उससे पहले हवन-पूजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शहर के सभी पार्षदों, वनमंत्री, महापौर, सांसद व विधायक को आमंत्रित किया गया है।

दैनिक जागरण ने भी समय-समय पर अभियान चलाकर जिम्मेदारों को जगाया

शहर से निकलते कूड़े के व्यवस्थित निस्तारण के लिए दैनिक जागरण ने लगातार समाचारीय अभियान चलाया। खबर का संज्ञान लेकर नगर निगम प्रशासन ने निविदा प्रक्रिया जल्द पूर्ण की। नगर आयुक्त व महापौर की ओर से लगातार प्लांट के संचालन को लेकर अलग-अलग स्तर पर बैठकें की गईं। अब प्लांट के संचालन की तिथि तय होने और बुधवार से प्लांट आरंभ होने से शहर को बड़ी राहत मिलने जा रही है।

शहर से निकलते कूड़े के वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण के लिए सथरापुर में स्थापित सालिड वेस्ट मैनजमेंट प्लांट का बुधवार से संचालन आरंभ किया जाएगा। प्लांट के संचालन से बाकरगंज में लगे कूड़े के ढेर को भी जल्द खत्म किया जा सकेगा। यह परियोजना शहरवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि समान है, इससे स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार होगा।
-संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त

-बरेली के लिए इस दीपावली इससे बड़ा तोहफा कुछ नहीं हो सकता। अब बाकरगंज क्षेत्र में कूड़ा नहीं जाएगा। शहरवासियों से अपील है कि कूड़ा खुले में न फेंक डोर-टू-डोर कूड़ा वाहन को ही दें और शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।
-डा. उमेश गौतम, महापौर