JCB से खुदाई और NDRF का रेस्क्यू: देर रात नाले में गिरे युवक को बचाने के लिए झोंकी ताकत, नहीं मिला सुराग
बरेली में सैटेलाइट बस अड्डे के पास एक युवक नाले में गिर गया। पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की ...और पढ़ें
HighLights
मौके पर पहुंचे नगर आयुक्त समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी
जागरण संवाददाता, बरेली। मंगलवार रात पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के लिए मुसीबत भरी रात साबित हुई। रात नौ बजे सैटेलाइट बस अड्डे के पास नाले में गिरे एक युवक की तलाश में पुलिस-प्रशासन की टीम के अलावा फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमे भी जुटी रहीं, लेकिन युवक का कुछ भी पता नहीं चला। आधी रात के बाद तक तलाश जारी रही।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि एक युवक रोडवेज के पास नाले में गिर गया है। मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम और जेसीबी को बुलाकर तलाश किया गया मगर युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। सूचना पर नगर आयुक्त संजीव मौर्य व अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे मगर युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

आस-पास पूछताछ करने पर भी गिरने वाले को कोई पहचानता नहीं था। चूंकि, सूचना देने वाला शराब के नशे में था इसलिए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को लगा कि सूचना गलत हो सकती है। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए तो पता चला कि सूचना सही थी। नाले के पास ही गिरने वाले युवक का किसी अन्य व्यक्ति से झगड़ा हो रहा था।
दोनों में मारपीट भी होने लगी उसी मारपीट के दौरान ही युवक नाले में गिर गया। इसके बाद जिस व्यक्ति से मारपीट हो रही थी उसने हाथ पकड़कर खींचने का भी प्रयास किया मगर वह असफल रहा। सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट हो गया कि युवक नाले में गिरा है।
जब काफी देर बीती और गिरने वाले युवक के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो बाद में एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ की टीम ने भी नाले में उतरकर तलाश किया मगर वह भी खाली हाथ रहे। सवाल था कि आखिर गिरने वाला युवक गया कहां..?
पुलिस का मानना नाले में मड ज्यादा है हो सकता है कि उसी में कहीं दब गया हो। इसलिए रात में ही नाले की पूरी सफाई कराई जा रही। आधी रात तक गिरने वाले युवक के बारे में किसी को भी कोई जानकारी नहीं हुई न हो वह मिल सका।
