Bareilly Weather News : राजस्थानी हवाओं से बरेली में बरसी आग, 42 के पार पहुंचा पारा, पढ़िए कब हाेगी झमाझम बारिश
Bareilly Weather News Monsoon Update 2022 राजस्थानी हवाओं से बरेली में आग बरसी।जिसके चलते जहां पारा 42 डिग्री के पार हो गया।वहीं आज रिमझिम बारिश हो सकती है।वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार प्री मानसून के पहले झमाझम बारिश हो सकती है।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Weather News Monsoon Update 2022 : बैशाख और जेठ की तपती दुपहरी ने आम जनमानस की हालत खराब कर दी है। सूरज के तेवर तीखे होने की वजह से अधिकतम पारा बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। हालत यह हो गई है कि शहर के जिन बाजारों और सड़कों पर दिन भर लोग भरे रहते थे, अब उन पर दोपहर में सन्नाटा पसरा रहता है। गर्मी का रुख देखते हुए लोग दोपहर के वक्त घरों एवं कार्यालयों से निकलने में भी परहेज कर रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक गर्मी की वजह राजस्थान की ओर से शुष्क पछुआ हवाओं को मान रहे हैं। पछुआ हवा की वजह से वातावरण में व्याप्त आर्द्रता कम होने से गर्मी का एहसास ज्यादा हो रहा है। इससे दिन में चलने वाली गर्म हवा भी परेशानी का सबब बन रही है। मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने के साथ ही 29.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
आज रिमझिम, 23 और 24 मई को झमाझम बारिश
आग उगलते सूरज की तपिश से आज से राहत मिलना शुरू हो जाएगा। मौसम में बदलाव होने के साथ ही शनिवार को रिमझिम बारिश होगी। इसके बाद रविवार को मौसम साफ रहेगा तो सोमवार और मंगलवार को झमाझम बारिश होगी।पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह का कहना है कि पुरवा हवा की नमी और शुष्क पछुआ हवा चलने की वजह से बारिश की यह स्थिति बनी है।
इसमें पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने से बारिश काफी होगी। उन्होंने बताया कि 21 मई को बादल छाने के साथ करीब चार मिलीमीटर बारिश होगी। लेकिन 22 मई को बारिश नहीं होगी। उन्होंने पूर्वानुमान जताया कि 23 और 24 मई को करीब 47 मिलीमीटर बारिश होगी। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा।