'लोकेशन ट्रेस न हो, इसलिए घर छोड़े फोन'... बरेली उपद्रव के 102वें आरोपी ने खोले तौकीर रजा के सनसनीखेज राज
बरेली उपद्रव के 102वें आरोपी मोबीन बेग ने कई चौंकाने वाले राज खोले हैं, जिसमें मौलाना तौकीर रजा द्वारा हथियारों ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में आरोपित मोबीन बेग। सौ पुलिस
HighLights
मौलाना तौकीर ने उपलब्ध कराए थे हथियार, बैठक में रचा गया था षड्यंत्र
जागरण संवाददाता, बरेली। पिछले वर्ष हुए उपद्रव का षड्यंत्र रचते समय तय हो गया था कि हमले के दौरान कोई अपना मोबाइल फोन लेकर नहीं आएगा। इससे किसी की लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकेगी।
यदि शक के आधार पर किसी उपद्रवी को पकड़ा गया, तब भी उसकी लोकेशन घटनास्थल पर नहीं मिलने से साक्ष्य एकत्र नहीं हो सकेंगे। गुरुवार को 102 वां आरोपित मोबीन बेग उर्फ मोबीन की गिरफ्तारी के बाद ऐसे कई राज बेपर्दा हुए।
कानपुर के पोस्टर विवाद की आड़ में 26 सितंबर 2025 को इत्तेहाद ए मिल्लत के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने उपद्रव कराया था। इससे पहले 19 सितंबर को फरीदापुर चौधरी में उसने बैठक की थी।
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि मोमीन ने बैठक में षड्यंत्र एवं उपद्रव की योजना रचने की बात स्वीकारी। उसने कहा कि सभासद नासिर खान के घर में लोग बुलाए गए थे।
सवा सौ लोगों की भीड़ होने पर बेग मैरिज हाल खुलवाया गया। वहां तौकीर ने कहा कि जुमा के नमाज के बाद सभी को इस्लामिया मैदान पहुंचना है। पुलिस रोकना चाहेगी, मगर किसी को रुकना नहीं है, भले ही कुछ भी अंजाम हो।
उसी में तय हुआ था कि यदि गोली चलानी पड़ी तो पीछे नहीं हटना। इसके लिए तौकीर ने अवैध हथियारों की व्यवस्था की थी। बैठक में तय हुआ था कोई भी प्रदर्शनकारी अपना मोबाइल फोन लेकर नहीं आएगा।
ऐसा करने से लोकेशन ट्रेस नहीं होगी। मोमीन बोला कि दोपहर को इस्लामिया मैदान में भीड़ एकत्र होने लगी तो वह अपना फोन घर पर छोड़कर पहुंच गया।
पुलिस पर हमला, उपद्रव बढ़ने लगे तो कचहरी की ओर भाग गया। पुलिस के अनुसार, उस दिन पुलिस पर पेट्रोल व तेजाब भरी बोतलों से हमला किया था।
उसी रात कोतवाली, बारादरी, प्रेमनगर, कैंट थाने में 10 प्राथमिकी लिखी थीं, सभी में तौकीर नामजद था। अगली सुबह उसे गिरफ्तार कर फतेहगढ़ जेल शिफ्ट कर दिया गया। दो प्रमुख प्राथमिकी की विवेचना संजय धीर कर रहे हैं।
