विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

₹5 करोड़ से चकाचक होगी बरेली की सिटी रोड, 3 महीने का रूट डायवर्जन लागू, घर से निकलने से पहले देख लें नया मैप

Published: Mon, 02 Feb 2026 07:55 PM (IST)

बरेली की सिटी रोड का निर्माण कार्य मंगलवार से शुरू हो रहा है, जिसके लिए नगर निगम ने लोक निर्माण ...और पढ़ें

बदायूं रोड पर सड़क चौड़ीकरण का चल रहा कार्य। जागरण

बदायूं रोड पर सड़क चौड़ीकरण का चल रहा कार्य। जागरण

HighLights

  1. सीसी रोड निर्माण के लिए नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग को दिए हैं पांच करोड़

  2. ठेकेदार ने सड़क किनारे बजरी व रेत डलवाया, पहले नाले का कराया जाएगा निर्माण

जागरण संवाददाता, बरेली। गड्ढों में तब्दील हो चुकी सिटी रोड के निर्माण का इंतजार खत्म हो गया है। लोक निर्माण विभाग मंगलवार से सीसी रोड निर्माण आरंभ कराएगा। निर्माण में व्यवधान और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए तीन महीने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जा रहा है। यातायात पुलिस ने विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए हैं।

सिटी रोड निर्माण के लिए नगर निगम ने लोक निर्माण विभाग को पांच करोड़ का बजट उपलब्ध कराया है। शहर की सर्वाधिक महत्वपूर्ण सड़कों में सिटी रोड भी शामिल है। इस रोड से रामपुर, मुरादाबाद और दिल्ली तक जबकि दूसरी ओर से बदायूं, शाहजहांपुर का सीधा जुड़ाव है। चौपुला पुल से सिटी स्टेशन होते हुए किला पुल तक 1200 मीटर सड़क जर्जर हालत में है।

स्मार्ट सिटी की प्रमुख सड़क गड्ढों में तब्दील होने से जन प्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों तक पर सवाल उठ रहे थे। जिला प्रशासन ने नगर निगम को यहां सीसी रोड का निर्माण कराने के लिए लोक निर्माण विभाग को पांच करोड़ का बजट दिए जाने की मंजूरी दी थी। इसको लेकर लोक निर्माण ने तीन महीना पहले ही टेंडर कराकर प्रक्रिया शुरू करा दी थी, लेकिन बजट नहीं मिल पाने पर टेंडर निरस्त करा दिया था।

अब नगर निगम ने पांच करोड़ रुपये लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिया है। इस पर दोबारा टेंडर कराकर निर्माण शुरू कराने की गतिविधियां शुरू कर दी गई हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता भगत सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण आरंभ कराने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

रेलवे, पुलिस और यातायात पुलिस प्रशासन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षात्मक उपाय करने के लिए सहयोग मांगा गया है। इधर, रूट डायवर्जन में बरेली-बदायूं रूट पर भी भारी वाहनों का रूट परिवर्तित किया गया है। इस समय बरेली-बदायूं रोड का चौड़ीकरण कराया जा रहा है।


यह भी पढ़ें- अब बिना बरेली में घुसे निकल जाएंगे नैनीताल, दि‍ल्‍ली और लखनऊ वाले वाहन, फ्लाईओवर पर बड़ी अपडेट