Top Bareilly News of the Day, 18 July 2019, दो गुटों में मारपीट में पुलिस से पिस्टल छीनी, मांस तस्कर गिरफ्तार, धमकी के ऑडियो की जांच करेगी पुलिस, महापौर और नगर आयुक्त में सुलह, बरेली में छुपा था माओवादी
Top Bareilly News of the day 18th July 2019. शाम छह बजे तक की बरेली की टॉप खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
बरेली, जेएनएन : बरेली मंडल की कई खबरों ने गुरुवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें दो गुटों में मारपीट में पुलिस से पिस्टल छीनी, मांस तस्कर गिरफ्तार, धमकी के ऑडियो की जांच करेगी पुलिस, महापौर और नगर आयुक्त में सुलह, बरेली में छुपा था माओवादी आदि खबरें सर्वाधिक चर्चा में रहीं। जानिए बरेली की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
दो गुटों के विवाद में पहुंची पुलिस से मारपीट, पिस्टल छीनी
बरेली के फतेहगंज पूर्वी के गांव पढेरा के जहीर और गांव पंखाखेड़ा के इरशाद के बीच जमीन को लेकर मारपीट हुई। दोनों पक्ष लड़ते हुए सटे हुए दातागंज क्षेत्र पहुंच गये। यहां पर दोनों पक्ष में फायरिंग होने लगी। गोली लगने से इरशाद घायल हो गया है। दातागंज पुलिस मौके पर पहुंची। भीड़ में अकेले फंसे सिपाही से लोगों ने मारपीट की पिस्टल छीन ली। इस प्रकरण के बाद बदायूं के दातागंज में मुकदमा दर्ज हो रहा है।
पुलिस की मुठभेड़ में पकड़ा गया मांस तस्कर, पांच फरार
बदायूं के सहसवान के भवानीपुर व रामपुर नेहरा गांव के जंगल में गोवंश के वध की सूचना पर टीम वहां पहुंची थी। पुलिस को देखकर तस्करों ने फायरिंग कर दी। जबावी कार्रवाई में सहसवान के गांव भवानीपुर खल्ली निवासी नईम पुत्र फुंदन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके पांच साथी भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित और उसके साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भाजपा विधायक के मारने की धमकी के ऑडियो की जांच करेगी पुलिस
भाजपा विधायक की पुत्री साक्षी मिश्रा खुद की जान को खतरा बता रहीं थीं। लेकिन अब उनके पिता बिथरी चैनपुर से विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल का नाम लेकर वायरल ऑडियो सुर्खियों में है। इस वायरल ऑडियो में विधायक राजेश मिश्रा को जान से मारने की धमकी की बात कही गई है। धमकी वाले इस वॉयरल ऑडियो की पुलिस जांच करेगी।
मुख्यमंत्री नाराज तो महापौर और नगर आयुक्त ने मिलाया हाथ
नगर निगम में महापौर व नगर आयुक्त के बीच चल रहा विवाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया। उन्होंने प्रकरण पर नाराजगी जताते हुए मामला निपटाने के निर्देश दिए तो प्रमुख सचिव का फोन कमिश्नर के पास आ गया। आनन-फानन महापौर व नगर आयुक्त को बुलाकर मामले की जानकारी दी गर्इ। जिसके बाद दोनों के बीच समझौता करा दिया गया।
खूफिया विभाग को पता नहीं, बरेली में था माओवादी
उत्तराखंड के अल्मोड़ा का 50 हजार का इनामी माओवादी खीम सिंह बरेली पहुंचा। घंटों यहां रुका। वह उत्तराखंड में नया नेटवर्क तैयार करने के लिए बरेली में रुका था। बरेली की खुफिया पुलिस ही नहीं स्थानीय पुलिस को भी इसकी भनक न लग सकी। लखनऊ एटीएस ने उसे धर दबोचा। आरोपित से पूछताछ की गई। लखनऊ को रवाना होने के अफसरों के फोन घनघनाए तब पता लगा।