बरेली : सत्ताधारी नेता के करीबियों ने सड़क बनाने वाली फर्म के कर्मचारियों पर किया हमला, मैनेजर ने लगाया लूट का आरोप
रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर पांच में सड़क बना रही गाजियाबाद की एक फर्म के कर्मचारियों पर शुक्रवार रात कई लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट और लूटपाट भी की। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट और लूटपाट भी की।
बरेली, जेएनएन। रामगंगा नगर आवासीय योजना के सेक्टर पांच में सड़क बना रही गाजियाबाद की एक फर्म के कर्मचारियों पर शुक्रवार रात कई लोगों ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने उनके साथ मारपीट और लूटपाट भी की। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर की तहरीर पर कप्तान के आदेश के बाद पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। हमलावर सत्ता पक्ष के एक नेता के करीबी बताए गए हैं।
गाजियाबाद की आरबीएम इंफ्राटेक कंपनी का ऑफिस रामगंगा नगर के सेक्टर सात में हैं। कंपनी वही 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माम कर रही है। शुक्रवार रात कंपनी के कर्मचारी रवि पटेल, देवेंद्र यादव, मिंटू कुमार ऑफिस में काम कर रहे थे। आरोप है कि तभी विपिन पटेल अपने बेटे रजत, रवि, लकी जाट आदि के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने अकाउंटेंट रवि पटेल को जमकर पीटा।
आरोप है कि ऑफिस में रखे 2.71 लाख रुपये लूट लिए। प्रोजेक्ट मैनेजर विशाल पटेल ने बताया यह लोग पहले से ही कार्य में बाधा उत्पन्न करते रहे हैं। अक्सर कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते रहते थे। विपिन पटेल प्रधानी का चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं। वह एक सत्तापक्ष के नेता के करीबी हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर मनोज त्यागी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।