विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में ड्यूटी पर जा रहे दो शिक्षकों की सड़क हादसे में मौत, परिवारों में मचा कोहराम

Published: Fri, 15 May 2026 01:56 PM (IST)

फरीदपुर-बरेली मार्ग पर टोल प्लाजा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर जा रहे दो शिक्षकों, पंकज यादव और प्रमोद कुमार की दर्दनाक मौत हो गई।

सांकेत‍िक तस्‍वीर।

सांकेत‍िक तस्‍वीर।

HighLights

  1. फरीदपुर टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा।

  2. ड्यूटी पर जा रहे दो शिक्षकों की दर्दनाक मौत।

  3. अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ ये हादसा।

संवाद सूत्र, फरीदपुर। बरेली-फरीदपुर मार्ग स्थित टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान पंकज यादव पुत्र कल्याण यादव निवासी ग्राम करौंदा थाना कैंट, बरेली तथा प्रमोद कुमार पुत्र सुदर्शन निवासी मूल रूप से जनपद मऊ के रूप में हुई है। बताया गया है कि प्रमोद कुमार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मुंशी नगर, बरेली में रह रहे थे, जबकि पंकज यादव सिविल लाइंस क्षेत्र में परिवार के साथ निवास कर रहे थे। दोनों शिक्षक फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम लोंगपुर स्थित सरकारी जूनियर विद्यालय में तैनात थे।

बताया गया है कि दोनों शिक्षकों की डीएलएड परीक्षा में ड्यूटी लगी थी और वे शुक्रवार सुबह बाइक से छत्रपति शिवाजी विद्यालय, फरीदपुर ड्यूटी करने जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 बजे टोल प्लाजा के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे तांगे से टकरा गई, जिससे दोनों शिक्षक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे किसी वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक पंकज यादव द्वारा हेलमेट लगाए होने के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।


घटना के बाद राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। विद्यालय स्टाफ और शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।