Bareilly News: मोबाइल पर बात करते-करते फंदे पर लटकी किशोरी, किशोर ने खाया जहर
Bareilly मोबाइल फोन पर बात करते-करते किशोरी व किशोर के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि किशोरी फंदे पर लटक गई और किशोर ने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में डाक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया किशोर की हालत गंभीर है।
जागरण संवाददाता, बरेली : मोबाइल फोन पर बात करते-करते किशोरी व किशोर के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया कि किशोरी फंदे पर लटक गई और किशोर ने जहरीला पदार्थ खा लिया। अस्पताल में डाक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया जबकि किशोर की हालत गंभीर है। आइसीयू में उसका उपचार चल रहा है।
कैंट पुलिस के मुताबिक, किशोरी आदर्श कालोनी की निवासी है जबकि किशोर सदर कैंट का रहने वाला है। किशोरी के पिता मजदूरी करते हैं। उनकी 15 वर्षीय बेटी पांचवीं पास हैं। रविवार को किशोरी मोबाइल पर बात कर रही थी। कमरे के बाहर बरामदे में पिता तख्त पर लेटे थे। दूसरे कमरे के सामने उसकी छोटी बहन व फुफेरी बहन टीवी देख रही थी।
इसी दौरान किशोरी कमरे में पहुंचीं और पंखे पर फंदा लगाकर लटक गई। अनहोनी का अंदेशा होने पर बहनें दौड़ी, तब तक किशोरी फंदे से लटक चुकी थी। आनन-फानन में पिता व भाई उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन उसकी जान चली गई। कैंट पुलिस की जांच में पता चला कि किशोरी व किशोर दोनों एक-दूसरे के जानने वाले हैं। दोनों के बच्चों की शादी की बात चल रही थी।
मोबाइल नंबर पर पुलिस ने किया फोन... तो खुला भेद
किशोरी के मोबाइल फोन पर बात करते-करते खुदकुशी की बात सामने आई। इसके चलते पुलिस ने मोबाइल को कब्जे में ले लिया। जिस नंबर से किशोरी की बात हो रही थी, संबंधित नंबर पर पुलिस ने फोन किया। नंबर सदर कैंट के रहने वाले किशोर का निकला। उसके स्वजन चीखते हुए बोले कि बेटे ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसकी हालत गंभीर है। कैंट पुलिस पहुंची, तब पता चला कि किशोर व किशोर के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर नाराजगी हो गई जिसके चलते किशोरी ने फांसी लगा दी। यह दृश्य देख किशाेर ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
वर्जन..
फोन पर बातचीत के दौरान किसी बात पर विवाद के चलते यह घटना घटी है। किशोरी की मृत्यु हो गई है, किशोर की हालत गंभीर है। आइसीयू में उसका उपचार चल रहा है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
- बलवीर सिंह, इंस्पेक्टर, कैंट