Bareilly News : बरेली में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, गुरूद्वारे में फेंका मांस, आराेपिताें की तलाश में जुटी पुलिस
Bareilly News बकरीद के पर्व पर बरेली के गुरुद्वारे में मांस फेंंक कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। गुरुद्वारे के ज्ञानी सेवादार व प्रधान की नजर थैली पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित की तलाश में जुटी है।
बरेली, जागरण संवाददाता। Bareilly News : बकरीद के पर्व पर बरेली के कोहाड़ापीर स्थित गुरुद्वारे में रविवार रात माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई। किसी ने गुरुद्वारे में मांस से भरी थैली फेंक दी। जब गुरुद्वारे के ज्ञानी, सेवादार व प्रधान मांस की थैली पर पड़ी तो अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला।जिसके बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपित की तलाश में जुटी है।
गुरुद्वारे में मांस देखकर हैरान रह गए ज्ञानी, सेवादार
मामला कोहाड़ापीर के गुरु नानक सत्संग सभा गुरुद्वारे का है।गुरुद्वारे के प्रधान हरवंत पाल सिंह बेदी ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े नौ बजे की है।वह गुरुद्वारे से बाहर निकले थे।गुरुद्वारे के गेट पर सेवादार हरदेव सिंह, ज्ञानी किशन सिंह व अन्य लोग खड़े थे।इसी दौरान किसी ने ऊपर से गुरुद्वारे के किनारे मांस भरी थैली फेंक दी।ऊपर से नीचे किसी वस्तु के गिरने की आवाज पर ज्ञानी सेवादार व बच्चे आगे बढ़े तो मांस की थैली देख हैरान रह गए।
भारी मात्रा में पहुंचा पुलिस फोर्स, खंगाले सीसीटीवी फुटेज
तुरंत ही प्रधान को सेवादार व ज्ञानी ने जानकारी दी। प्रधान की जानकारी प्रेमनगर पुलिस पहुंची। एसपी सिटी रविंद्र कुमार, सीओ श्वेता यादव व प्रेमनगर पुलिस गुरुद्वारे व आसपास के बारे में पूरी जानकारी कर रही है। एसपी सिटी रविंद्र कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। किसी भी दशा में माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।कार्रवाई की जाएगी।
दिन भर रही चप्पे-चप्पे पर नजर, रात में मची अफरा-तफरी
बकरीद के पर्व को लेकर पुलिस ने दिन भर चप्पे चप्पे पर नजर रखी।चौराहे से लेकर हर जगह जहां पुलिस मुस्तैद रही।वहीं त्योहार पर होने वाली हर गतिविधि पर भी विशेष नजर रखी गई।दिन शांति से गुजरने के बाद शाम को पुलिस रिलैक्स मोड में आई। तभी रात में मांस फेंके जाने की सूचना मिलने पर अफरा तफरी मच गई।लिहाजा धर्म स्थल पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स पहुंच गया।
आस पास के खुराफातियों पर संदेह, शुरू की आरोपित की तलाश
मांस फेके जाने की घटना को लेकर आरोपित की तलाश में जुटी पुलिस मांस की थैली फेके जाने के एगंल से आस पास के खुराफातियों पर संदेह जता रही है।उसका अनुमान है कि यह घटना गुरुद्वारे के पास रहने वाले खुराफाती आसानी से अंजाम दे सकते है।जिसके चलते वह सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपने अनुमान की सही स्थिति का भी पता लगा रही है। हालांकि पुलिस अफसरों का कहना है कि वह आरोपित को छोड़ेंगे नहीं।उसे जल्द पकड़ लेंगे।