जमा करिए हाउस टैक्स, अगले सप्ताह से लगेंगे कैंप
नगर निगम ने शहर के विकास को गति देने के लिए अब आय बढ़ाने का निर्णय लिया है। ऐसे में निगम अगले सप्ताह से हाउस टैक्स जमा करने के लिए वार्डो में कैंप लगाएगा।
जेएनएन, बरेली : नगर निगम ने शहर के विकास को गति देने के लिए अब आय बढ़ाने का निर्णय लिया है। ऐसे में निगम अगले सप्ताह से हाउस टैक्स जमा करने के लिए वार्डो में कैंप लगाएगा।
ज्यादा से ज्यादा लोग हाउस टैक्स जमा करें और उन्हें इसके लिए परेशान न होना पड़े। इसके लिए अब नगर निगम के ज्यादातर वार्डो में अगले सप्ताह से कैंप लगाए जाएंगे। यहां पर शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए लोग हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि हमने 50 करोड़ रुपये का हाउस टैक्स वसूली का लक्ष्य है। सभी जोन के अधिकारियों को जोनवार लक्ष्य सौंप दिए हैं। शहर में करीब 1.30 लाख करदाता हैं। इसके साथ सरकारी समेत कई बड़े संस्थान भी बकायेदार हैं। अब शासन स्तर पर नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव बकाएदार विभागों के प्रमुख सचिव को बकाया जमा करने के लिए पत्र लिखेंगे। जिससे नगर निगम की आय बढ़ सके और शहर के विकास को गति मिल सके। साथ ही राजस्व निरीक्षक को इसके लिए नोडल अधिकारी भी बनाया गया है।
----------
बीते दिनों टैक्स वसूली में हो चुका विवाद
नगर निगम के लिए हाउस टैक्स ही राजस्व वसूली का सबसे बड़ा जरिया है। पिछले काफी समय से टैक्स जमा नहीं हो रहा, इससे निगम का खजाना काफी खाली हो चुका है। वहीं, पिछले दिनों नगर निगम शहर में व्यापारियों से टैक्स वसूली के लिए निकला था। जिसके बाद कई जगह विरोध का भी सामना करना पड़ा था। खासकर एक धर्म स्थल और जुड़े ट्रस्ट का कनेक्शन काटने पर सत्ताधारी पार्टी के बड़े जनप्रतिनिधि भी प्रदर्शन करने आ गए थे। जिसके बाद महापौर ने खुद पहुंचकर मामला शांत कराया था।
-------
वर्जन..
हमारी कोशिश है कि नगर निगम की आय बढ़े, जिससे शहर के विकास कार्य कराए जा सकें। हाउस टैक्स ही राजस्व का मुख्य जरिया है। इसलिए हम शत प्रतिशत वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं।
अजीत कुमार सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त