विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब अनियोजित कॉलोनियों में बांस-बल्ली का झंझट खत्म: ₹71.50 प्रति sq ft के हिसाब से मिलेगा बिजली कनेक्शन, विभाग खुद बिछाएगा लाइन

Published: Fri, 18 Sep 2026 05:48 PM (IST)

बरेली की अनियोजित कॉलोनियों में अब बिजली कनेक्शन लेना आसान होगा। विद्युत विभाग खुद लाइन बिछाकर ₹71.50 प्रति वर्ग फीट ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. अनियोजित कालोनियों में विद्युत विभाग ही लाइन बिछाकर देगा कनेक्शन

कमलेश शर्मा, बरेली। शहर के बाहरी हिस्से में विकसित किसी अनियोजित कालोनी में अगर आप प्लाट खरीद कर मकान बनवा चुके हैं और बिजली का कनेक्शन लेने के लिए तीन से चार लाख का एस्टीमेट बनाया जा रहा है तो अब निश्चिंत हो जाइये। बांस बल्लियों के सहारे कनेक्शन नहीं लेना पड़ेगा।

ऐसी कालोनियों में विद्युत विभाग खुद लाइन बिछवाकर ट्रांसफार्मर लगवाएगा। कनेक्शन के लिए प्रति वर्ग फीट 71.50 रुपये का भुगतान करना पड़ेगा। 100 वर्ग फीट का प्लाट है तो 7,150 रुपये और 1000 वर्ग का प्लाट है तो 71,500 रुपये जमा कर कनेक्शन ले सकेंगे।

बरेली विकास प्राधिकरण जगह-जगह जमीन क्रय कर सुनियोजित तरीके से कालोनियां विकसित करा रहा है, जिसमें चौड़ी सड़क, पार्क, स्कूल और अस्पताल का प्रावधान भी कराया जा रहा है।

इसके विपरीत तमाम कालोनाइजर्स बीडीए से नक्शा पास कराए बिना ही कालोनी बनाकर प्लाट की बिक्री कर दे रहे हैं। इनके प्लाट बीडीए से सस्ते मिल जाते हैं, इसलिए लोग प्लाट लेकर घर तो बनवा लेते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होतीं।

बिजली कनेक्शन के लिए जब विभाग में आवेदन करते हैं तो पोल और ट्रांसफार्मर से दूरी के हिसाब से भारी-भरकम एस्टीमेट बना दिया जाता है। ट्रांसफार्मर के करीब के आवेदक को कम एस्टीमेट से कनेक्शन मिल जाता है।

मगर, दूर का प्लाट लेने वालों का एस्टीमेट लाखों में होने के कारण बांस-बल्लियों का जुगाड़ कर केबल खिंचवाने की जुगत भिड़ाई जाती है। विभाग ने इस समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए खुद लाइन बिछवाकर प्लाट के हिसाब से कनेक्शन देने की पहल की है।

डोहरा रोड स्थित रामलली कालोनी और शांति विहार में 50 कनेक्शन के लिए मुख्यालय से मंजूरी मिल चुकी है। 25 लोगों ने वर्ग फीट के हिसाब से झटपट पोर्टल पर आवेदन के साथ भुगतान भी कर दिया है।

 

नई विकसित प्राइवेट कालोनियों विभाग की ओर से लाइन बिछाकर प्लाट के हिसाब से कनेक्शन देने की शुरूआत कर दी गई है। रामलली कालोनी और शांति विहार से प्रक्रिया आरंभ की जा रही है। इसी तरह अन्य नई कालोनियोंं के भी प्रस्ताव बनाकर 71.50 रुपये प्रति वर्ग फीट के हिसाब से बिजली के कनेक्शन दिए जाएंगे।

- ललित कुमार, अधीक्षण अभियंता नगरीय क्षेत्र


यह भी पढ़ें- प्रेमी संग मिलकर रची पति के कत्ल की साजिश, खुद ही दर्ज कराई गुमशुदगी; बरेली पुलिस ने ऐसे खोला राज