विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में रेलवे फाटक के पास मिला डॉक्टर का शव, हत्या की आशंका

Published: Sun, 22 Feb 2026 08:03 PM (IST)

बरेली के भुता थाना क्षेत्र के ग्राम रिछा निवासी 25 वर्षीय डॉक्टर परमजीत सिंह का शव फतेहगंज पश्चिमी के रुकुमपुर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. डॉक्टर परमजीत सिंह का शव रेलवे फाटक के पास मिला।

  2. पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका है।

  3. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।

जागरण संवाददाता, बरेली। भुता थाना क्षेत्र के ग्राम रिछा निवासी 25 वर्षीय डॉक्टर परमजीत सिंह का शव थाना फतेहगंज पश्चिम पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम रुकुमपुर स्थित रेलवे फाटक के पास बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम रिछा निवासी ठाकुर रामवीर सिंह के पुत्र डॉक्टर परमजीत सिंह भुता में अपनी क्लीनिक पर बैठे मरीज देख रहे थे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे उनके पास बार-बार फोन कॉल आने लगे, जिसके बाद वह क्लीनिक से निकल गए।

कुछ समय बाद उन्होंने घर पर बात कर बताया कि वह बरेली में हैं और शाम 7 बजे तक घर लौट आएंगे, लेकिन देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने दोबारा संपर्क करने का प्रयास किया। इस दौरान उनका मोबाइल फोन बंद मिला। चिंतित परिजनों ने रिश्तेदारों व परिचितों से जानकारी की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला।

शनिवार को थाना फतेहगंज क्षेत्र के ग्राम रुकुमपुर फाटक के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान होने पर मृतक डॉक्टर परमजीत सिंह निकले। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

बताया जा रहा है कि मृतक की अभी शादी नहीं हुई थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक की लहर छा गई है।

पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और हत्या की पुष्टि हो सकेगी। इलाके में इस घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है।