Bareilly Crime : बरेली मेें युवक का दुस्साहस, टाॅॅफी लेने दुकान आए मासूम की कनपटी पर ताना तमंचा, बोला-गोली मार दूं
Bareilly Crime चार साल के मासूम की कनपटी पर आरोपित ने तमंचा तान दिया। तमंचा तानते ही मासूम से बोला-गोली मार दूं। आरोपित को नशे में देख पास खड़ा 11 वर्षीय लड़का मासूम को लेकर उसके घर भागा। नशे में आरोपित गोली मारने की बात कहता रहा।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Crime : चार साल के मासूम की कनपटी पर आरोपित ने तमंचा तान दिया। तमंचा तानते ही मासूम से बोला-गोली मार दूं। आरोपित को नशे में देख पास खड़ा 11 वर्षीय लड़का मासूम को लेकर उसके घर भागा। नशे में आरोपित गोली मारने की बात कहता रहा। घटना से मासूम बुरी तरह सहम गया। मासूम के फूफा ने मामले में कैंट पुलिस को आरोपित के खिलाफ कार्रवाई के लिए तहरीर दी लेकिन, मंगलवार तक कैंट पुलिस ने मामले में कोई सुध नहीं ली।
घटना सोमवार चार बजे की है। कैंट के ठिरिया निजावत खां के रहने वाले मो. जावेद खान ने बताया कि मासूम रेयान पास की दुकान से 11 वर्षीय लड़के के साथ टाफी लेने गया था। उस दौरान दुकान पर आरोपित आ पहुंचा। मासूम को देखते ही कनपटी पर तमंचा तान दिया। इससे मासूम रोने लगा। साथ में गया लड़का तुरंत ही उसे घर लेकर आया।
उस वक्त घर में सिर्फ महिलाएं थी। जावेद के मुताबिक, मासूम के गुमसुम होने पर लड़के से मामले की जानकारी की गई तो उसने पूरी बात बताई। इसके बाद आरोपित के खिलाफ कार्रवाई के लिए कैंट थाने में तहरीर दी गई। आरोप है कि आरोपित नशे का आदी है। आय दिन वह नशे में होकर तमंचा लहराकर लोगों को डराता-धमकाता है। क्षेत्र के लोग इससे दहशत में हैं।
घटना के बारे में जानकारी हुई है। तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - राजीव कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, कैंट