Bareilly Crackers Market : आतिशबाजी की 20 दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी
Bareilly Crackers Market शहर में आबादी के बीच चल रही आतिशबाजी की दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी की जा रही है। उनके लाइसेंस नवीनीकरण नहीं करने की संस्तुति सीएफओ और मजिस्ट्रेट ने की है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने 20 व्यापारियों को नोटिस दिया है।
बरेली, जेएनएन। Bareilly Crackers Market : शहर में आबादी के बीच चल रही आतिशबाजी की दुकानों के लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी की जा रही है। उनके लाइसेंस नवीनीकरण नहीं करने की संस्तुति सीएफओ और मजिस्ट्रेट ने की है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने 20 व्यापारियों को नोटिस दिया है। उन्हें शनिवार दोपहर 12 बजे तक अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
प्रशासन के आंकड़े के अनुसार जिले में आतिशबाजी के थोक विक्रेताओं की संख्या 52 है। आतिशबाजी बेचने के लिए इन व्यापारियों को लाइसेंस का नवीनीकरण कराना होता है। सौ फुटा रोड और मिनी बााइपास कर्मचारी नगर रोड के तमाम व्यापारियों के लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी है। इस कारण वह बीते लंबे समय से प्रशासन में लाइसेंस नवीनीकरण के लिए चक्कर लगा रहे थे। पहले तो उनके लाइसेंस नवीनीकरण के आवेदन लिए ही नहीं गए।
व्यापारियों के मिन्नत करने पर कुछ दिन पहले उनके आवेदन प्रशासन के शस्त्र अनुभाग में लिए गए। इसके बाद शस्त्र अनुभाग ने नवीनीकरण के लिए पुलिस, दमकल विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मांगा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) की रिपोर्ट में दुकान आबादी में होना बताकर नवीनीकरण नहीं किए जाने की संस्तुति की गई। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट ने भी प्रतिष्ठानों की जांच में आबादी के बीच होना बताया। इस आधार पर सिटी मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय ने बीस व्यापारियों के खिलाफ नोटिस जारी कर दिए। उन्हें 16 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक अपना पक्ष रखने का समय दिया गया है।
सौ फुटा रोड और मिनी बाइपास की 20 दुकानें आबादी के बीच चलने की आख्या दमकल विभाग से मिली है। उन्हें नोटिस देकर शनिवार दोपहर 12 बजे तक का समय अपना पक्ष रखने को दिया है। इसके बाद लाइसेंस नवीनीकरण पर विचार होगा। राजीव पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट