बरेली कॉलेज को जनसूचना पर आया प्रतिभा सम्मान समारोह का ख्याल
मेधावियों को सम्मानित करने पर चुप्पी साधे बरेली कॉलेज का प्रशासन एक आरटीआइ से हरकत में आ गया।
जागरण संवाददाता, बरेली : पांच साल से अपने ही मेधावियों को सम्मानित करने पर चुप्पी साधे बरेली कॉलेज का प्रशासन एक आरटीआइ से हरकत में आ गया। कॉलेज ने अब मेधा सम्मान की सुध ली। प्रधानाचार्य ने शुक्रवार को इस बाबत बैठक बुलाई। 15 अक्टूबर को सम्मान समारोह की तारीख तय कर तैयारियों के दायित्व भी बांटे।
पूर्व छात्रनेता ने मांगी है जनसूचना
कॉलेज में वर्ष 2013-14 के बाद से अब तक प्रतिभा सम्मान समारोह नहीं आयोजित हुआ। पूर्व छात्र नेता फैसल अनीस ने पिछले माह जनसूचना मांगी। उन्होंने प्रबंधन तंत्र से वर्ष 2013-14 से लेकर 2017-18 तक हुए प्रतिभा सम्मान समारोह और इसमें सम्मानित छात्र-छात्राओं के नामों की सूची मांगी। समारोहों के लिए प्रायोजक राशि कितनी मिली, आयोजन न होने पर यह राशि किस मद में जमा हुई, इसकी भी जानकारी मांगी। इस आरटीआइ के बाद कॉलेज प्रबंधन की नींद टूटी।
कॉलेज में ही बंटेंगे 42 मेडल, 24 छात्रवृत्तियां
प्राचार्य डॉ. अजय शर्मा ने बताया कि कॉलेज में वर्ष 2014 के बाद पहला प्रतिभा सम्मान समारोह हो रहा है। मुख्य अतिथि के लिए मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर की कुलपति प्रोफेसर डॉ. नीलिमा गुप्ता के नाम पर सहमति बनी है। समारोह में 42 छात्र-छात्राओं को मेडल दिए जाएंगे। इनके अलावा छह को पारितोषिक और 24 को छात्रवृत्तियां वितरित की जाएंगी। पूर्व में आयोजन किन कारणों से नहीं हुए यह तत्कालीन प्राचार्य ही बता सकते हैं।
तथ्य
- पूर्व छात्रनेता की आरटीआइ के बाद हरकत में आया बरेली कॉलेज प्रबंधन
- 2013-14 से नहीं हुआ था समारोह, अब 15 अक्टूबर को होगा आयोजन