कोचिंग गई बेटी लापता, पिता को मिला फिरौती का मैसेज; पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की तो खुला चौंकाने वाला राज
नवाबगंज की 10वीं की छात्रा कोचिंग से लापता हो गई थी। उसके पिता को 15 लाख रुपये की फिरौती का ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
दिल्ली में मिली किशोरी की लोकेशन, पुलिस की फोन पर हुई उससे बात, छोड़ने गया था दोस्त
कोचिंग से लौटते समय अचानक से लापता हुई थी छात्रा, फिरौती का संदेश आते ही मचा शोर
संवाद सूत्र, जागरण, नवाबगंज। प्रेमी से मिलने के लिए 10वीं की छात्रा दिल्ली चली गई। वहां से उसने पिता के फोन पर फिरौती का संदेश भेजा तो परिवार में हड़कंप मच गया। आनन फानन नवाबगंज थाने में अपहरण की प्राथमिकी लिखी गई। एसएसपी ने एसओजी, सर्विलांस समेत पांच टीमों को लगाया तो उसकी लोकेशन मिली।
पुलिस ने और जांच की तो स्पष्ट हुआ कि वह प्रेमी से मिलने गई थी। इसके बाद पुलिस ने फोन से भी किशोरी से बात कर ली है। एक टीम उसे लेने के लिए रवाना हो गई है। उसके इस पूरे खेल में छात्रा के ही एक दोस्त ने मदद की थी। उसे भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।पीलीभीत के एक गांव निवासी छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती है। वह नवाबगंज की एक कालोनी में किराये के मकान में रहती है।
उसके पिता खेती किसानी करते हैं। पिता ने पुलिस को बताया कि बुधवार को वह नवाबगंज के ही एक कोचिंग सेंटर में पढ़ने गई थी। आरोप है कि इसी बीच किसी ने उसका अपहरण कर लिया। शाम तक घर नहीं पहुंची तो सात बजे के करीब मकान मालिक ने फोन कर बताया कि छात्रा अभी कमरे पर नहीं लौटती है। पिता ने किशोरी को फोन किया तो उसका फोन बंद आ रहा था।
कुछ ही देर में स्वजन पीलीभीत से नवाबगंज आ गए। काफी देर तक तलाशा, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। इस बीच पिता के वाट्स-एप पर लड़की के वाट्स-एप से 15 लाख फिरौती का संदेश मिला। जिसमें लिखा था कि लड़की वापस चाहिए तो 15 लाख देने होंगे। घबराए पिता थाने पहुंचे और प्राथमिकी लिखाई। एसएसपी अनुराग आर्य ने पांच टीमों का गठन कर किशोरी को बरामद करने के लिए लगाया।
सर्विलांस और साइबर सेल टीम ने तत्परता दिखाई और संदेश के माध्यम से किशोरी की लोकेशन निकाल ली। सीडीआर भी निकाली। इससे कई कहानियां स्पष्ट हो गई। उसकी लोकेशन दिल्ली की मिली तो पुलिस ने उससे बात की। तब उसने बताया कि वह प्रेमी से मिलने आई है। पिता के लिए फिरौती का संदेश ऐसे ही भेज दिया था।
सीसीटीवी से भी मिले कुछ साक्ष्य
छात्रा की तलाश में पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, उसमें भी किशोरी दिखाई दे रही है। ऐसा कोई भी व्यक्ति दिखाई नहीं दिया, जिसने उसका अपहरण किया हो। पुलिस का कहना हैं कि आगे की कहानी तब स्पष्ट होगी, जब छात्रा बरामद हो जाएगी।
प्रेम प्रसंग का मामला है। किशोरी सुरक्षित है, उससे बात भी हो गई है। एक टीम उसे बरामद करने के लिए भेजी गई है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।
- अनुराग आर्य, एसएसपी।
यह भी पढ़ें- बरेली में कोहरे के चलते गई 5 लोगों की जान, ट्रक ने ई-रिक्शा और बाइक को रौंदा, मची चीख-पुकार
