बरेली शहर ने लोगों को सुविधाएं देने और योजनाएं बनाने में मारी बाजी, प्रदेश में दूसरे नंबर पर है बरेली शहर
निर्माणाधीन कार्यों से फैली अव्यवस्था के कारण भले ही शहर रहने लायक शहरों की सूची में पिछड़ गया हो लेकिन शहर ने लोगों को सुविधाएं देने अच्छी योजनाएं बनाने में बाजी मारी है। नगर निगम प्रदर्शन सूचकांक में शहर की सुधरी रैंक इस बात को साबित कर रही है।
बरेली, जेएनएन। निर्माणाधीन कार्यों से फैली अव्यवस्था के कारण भले ही शहर रहने लायक शहरों की सूची में पिछड़ गया हो, लेकिन शहर ने लोगों को सुविधाएं देने, अच्छी योजनाएं बनाने में बाजी मारी है। नगर निगम प्रदर्शन सूचकांक में शहर की सुधरी रैंक इस बात को साबित कर रही है। प्रदेश में शहर ने दूसरा स्थान पाया है। देश भर में 14वें स्थान पर अपना शहर है।
केंद्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय ने बीते दिनों नगर निगम प्रदर्शन सूचकांक में 111 शहरों की रैंकिंग जारी की है। केंद्रीय शहरी मंत्रालय ने दस हजार से अधिक और दस लाख से कम आबादी के शहरों में मापन किया। देश भर के 111 शहरों में बरेली ने 14वां स्थान पाया, जबकि प्रदेश के आठ शहरों की सूची में बरेली दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। यह रैंकिंग पांच प्रमुख वर्गों के आधार पर दी गई है। इसमें शहर में सर्विसेज, फाइनेंस, टेक्नोलॉजी, प्लानिंग व गवर्नेंस कैटेगरी को शामिल किया गया है। यानि अपना शहर लोगों को सेवाएं, सुविधाएं देने, अच्छी वित्तीय स्थिति, अच्छे ऋण की सुविधा, बेहतर योजनाएं बनाने और बेहतर गवर्नेंस का काम कर रहा है। शहर की इस उपलब्धि पर शासन ने नगर निगम अफसरों को बधाई संदेश भेजा है। नगर निगम के अफसरों ने अब पहले पायदान पर पहुंचने की तैयारी शुरू कर दी है।
क्या कहना है अधिकारियों का
- शहर में चौड़ी सड़कें, जल निकासी की व्यवस्था, ट्रंक सीवर लाइन, ब्रांच लाइन, पेयजल आपूर्ति समेत अन्य सुविधाएं लोगों को दी जा रही है। इसमें पहले से कही अधिक व्यवस्था में सुधार हुआ है। इस कारण बरेली की रैंकिंग सुधरी है।
डा. उमेश गौतम, महापौर
नगर निगम प्रदर्शन सूचकांक में निगम ने अच्छी रैंकिंग पाई है। निगम ने जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बेहतर प्लानिंग और धरातल पर काम किया। जल्द कई काम दिखाई देंगे। कोशिश रहेगी कि अगली बार शहर प्रदेश में अव्वल स्थान हासिल करे।
अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त